
Newborn death in dhar:मध्यप्रदेश के धार जिल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां पर बिजली की तेज गडगड़ाहट से 12 दिन के नवजात की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। गांव के लोग समझ ही नहीं पा रहे है कि ऐसे-कैसे बिजली की गडगड़ाहट से बच्चे की मौत हो गई।
इस घटना के बारे में परिवार वालों का कहना है कि बिजली की तेज आवाज से बच्चा घबरा गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आ पाएगी। घटना के बाद से परिवार के सभी लोग चौंके हुए हैं।
धार जिले में समीप ग्राम फरसपुरा पंचायत के सिमराली भावडिया अवार गांव में शाम करीब चार बजे आकाशीय बिजली की तेज गडगड़ाहट से एक 12 दिन के नवजात की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिमराली निवासी संदीप और रीना का यह बेटा था। बच्चे का जन्म 26 जून को गुजरी शासकीय अस्पताल में हुआ था। बीते दिन देर शाम बारिश हो रही थी और संदीप अपने 12 दिन के बेटे को गोद में लेकर घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक तेज गडगड़ाहट के साथ बिजली कडक़ी। बिजली की तेज आवाज से नवजात घबरा गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि बिजली कडक़ने की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा घर दहल गया था। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, मासूम की जान जा चुकी थी। नवजात की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन मासूम बच्चे के शव को धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉ. श्वेता सांवले ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद से घर में शोक का माहौल है। बच्चे के मम्मी-पापा का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे के चाचा संजय सिंह ने बताया कि बच्चे का अभी तक नामकरण भी नहीं किया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नवजात की मौत से गांवभर में मातम पसरा है। इस घटना के बारे में डॉ. श्वेता सांवले ने बताया कि तेज आवाज के कारण बच्चे की हार्ट रेट में अनियमितता पाई गई है। इसी की वजह से बच्चे को कार्डियक अरेस्ट की आशंका है। बाकी जांच के बाद पता चल पाएगा।