MP News: युवती की शिकायत पर आरोपी भूपेन्द्रसिंह भूरिया के विरुद्ध पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी पूर्व भाजपा विधायक का भतीजा है।
MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले से बड़ा मामला सामने आया है। यहां के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और शोषण करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर आरोपी भूपेन्द्रसिंह भूरिया निवासी नयापुरा भौलखेड़ी के विरुद्ध पुलिस ने दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। बड़ी बात ये है कि आरोपी भूपेंद्र सरदारपुर क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक वेलसिंह भूरिया का भतीजा है। पीड़िता को युवक की शादी का कार्ड मिलने के बाद उसे धोखे का अहसास हुआ। इसके बाद उसने थाने पर जाकर शिकायत दर्ज कराई है। युवक की 14 मई को शादी होने वाली है जिसमें 10 मई से आयोजन हो रहे है। इस मामले में अभी फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस मामले पर पूर्व विधायक ने अपनी सफाई भी दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साल 2020 में बीए सेकंड ईयर की पढ़ाई के दौरान भूपेन्द्र से पहचान हुई थीं। यहां से हुई पहचान में बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। आरोपी युवती से शादी करने के लिए बार-बार आग्रह करता रहा। भूपेन्द्र ने उसे अपनी बातों में फंसाकर प्रेम संबंध से जोड़ा। उसके बाद अमझेरा, राजगढ़ सहित बीते छह साल में कई स्थानों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और हमेशा शादी करने का वादा करता रहा। 2024 ने भूपेन्द्र ने सामाजिक रीति-रिवाज से युवती से सगाई भी की। इसके बाद बीते दो सालों में कई मर्तबा संबंध बनाए। एक साल से आरोपी ने युवती से मिलना कम कर दिया। थाने पर जाने पर जान से मारने की धमकी देता था।
भाजपा नेता और पूर्व विधायक वेल सिंह भूरिया ने शनिवार शाम रिंगनोद में पत्रकार वार्ता कर भतीजे एडवोकेट भूपेंद्र संह भूरिया पर दर्ज दुष्कर्म प्रकरण को लेकर अपना पक्ष रखा। वेल सिंह ने इस मामले में अपना कोई संबंध होने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि कुछ विरोधी लोग उनका बढ़ता जनाधार देख राजनीतिक रूप से छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। भूरिया ने बताया कि वह एसपी से मिलकर प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि वे महिलाओं व बालिकाओं का सम्मान करते हैं। यदि जांच में उनके परिवार का कोई सदस्य दोषी पाया जाता है, तो वे स्वयं उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन करेंगे। वहीं, झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने वालों के खिलाफ मानहानि सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।