
Dhar Crime: जिले के राजोद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महिला संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चल रही समझौता वार्ता विफल होने के बाद हिंसा भड़क उठी। आरोप है कि गांव में घुसे हमलावरों ने चार और पांच वर्ष की दो बच्चियों को उठाकर पानी के हौज में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने देर रात तक कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हनुमंत्या के सरपंच द्वारा एक विवाहित महिला को अपने साथ रखने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले के समाधान के लिए सोमवार को महिला के ससुराल पक्ष और परिजन ग्राम जामपाड़ा पहुंचे थे। गांव के समीप एक मैदान में दोनों पक्षों के बीच समझौता बैठक आयोजित की गई थी, जहां विवाद को समाप्त करने के लिए बातचीत और मोलभाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान सहमति नहीं बन पाई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामला सोमवार देर शाम का है, जब समझौता वार्ता विफल होने के बाद महिला पक्ष से जुड़े लोग गांव में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने ग्रामीणों के साथ मारपीट की, धारदार हथियार लहराए और हवाई फायरिंग भी की। अचानक हुए घटनाक्रम से गांव में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच आरोपियों ने गांव निवासी दिनेश कटारा की दो मासूम बेटियों को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि 4 वर्षीय ऋषिका और 5 वर्षीय शिवानी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान कुछ आरोपियों ने उन्हें उठाया और पास स्थित पानी के हौज में फेंक दिया। जब तक परिजन और ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी गांव में तोडफ़ोड़ और उत्पात मचाते हुए वहां से फरार हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपियों ने गांव और आसपास के मजरों में खड़े कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की। वारदात के बाद आरोपी एक तूफान वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में विशेष अभियान शुरू किया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने देर रात पीछा कर करीब 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और वारदात में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को भी अलर्ट रखा गया है। मौके पर सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कई बिंदुओं पर कर रही है। बच्चियों की मौत, मारपीट, तोडफ़ोड़, हवाई फायरिंग और आपराधिक षड्यंत्र सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की तैयारी चल रही है।