शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे रेलवे सुरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास के नेतृत्व में अधिकारियों का दल ट्रॉलियों से धार स्टेशन पहुंचा। इसके बाद स्टेशन, ट्रैक और यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद स्पेशल कोच के जरिए स्पीड ट्रायल किया गया। दोपहर 2.25 बजे इलेक्ट्रिक इंजन के साथ दो डिब्बों वाली ट्रेन सायरन बजाते हुए धार स्टेशन पहुंची। टीही से धार आते समय ट्रेन की गति करीब 110 किमी प्रति घंटा रही, जबकि वापसी में 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रायल किया गया। सीआरएस के साथ मुख्य पुल अभियंता भावेश झा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विनीत कुमार श्रीवास्तव, रतलाम डीआरएम अश्वनी कुमार और डिप्टी सीआरएस देव प्रकाश अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ट्रायल के बाद सकारात्मक संकेत दिए। अब रिपोर्ट के आधार पर नियमित ट्रेन संचालन का निर्णय होगा।