
Dhar News :मध्य प्रदेश के धार जिले से गुजरने वाले इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर देर रात सरदारपुर के पास एक यात्री बस में अचानक आग लग गई, जिसके चलते यात्रियों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि, आनन फानन में जान बचाने के लिए बस में सावर कई यात्री खिड़कियां तोड़कर चलती बस से बाहर निकल गए, जिससे कुछ लोगों को मामूली चौटें भी आई हैं।
बता दें कि, गुजरात के सूरत से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही यात्री बस में मंगलवार रात करीब सवा एक बजे सरदारपुर नगर की भोपावर चौकी से कुछ दूरी पर पहुंची थी कि, अचानक उसमें आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने तुरंत ही खिड़कियां तोड़कर निकलना शुरु कर दिया। इसी बीच चालक भी बस रोककर मौके से भाग निकला।
चालक के फरार होने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और बढ़ गई। अधिकतर यात्रियों ने समय रहते दरवाजे से निकलकर भी जान बचाई। खिड़कियों से कूदने वाले कुछ यात्रियों को हल्की चोटें भी आईं हैं। वहीं जो यात्री समय रहते अपना सामान नहीं निकाल सके थे, उनका सामान भी जलकर राख हो गया है।
यात्रियों के अनुसार, बस क्रमांक यूपी 83 बीटी 3947 सूरत समेत गुजरात के विभिन्न स्थानों से यात्रियों को लेकर कानपुर की ओर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि, गुजरात के दाहोद के पास एक होटल पर बस को करीब 4 घंटे रोककर उसमें काम भी करवाया गया था। इसके बाद बस आगे रवाना हुई। ऐसे में इस तरह का हादसा होना किसी गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।
कानपुर में रहने वाली नीलम पाल ने बताया कि, वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ गांव जा रही थीं। अचानक बस में धुआं भरने लगा। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने कांच फोड़कर अपने बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और इसके बाद खुद भी किसी तरह बस से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल हुईं। उन्होंने बताया कि, बस में रखा उनके सामान का बैग पूरी तरह से जल गया। उसमें यात्रा के लिए रुपए, चांदी के जेवर, कपड़े समेत अन्य जरूरी सामान था। अन्य यात्रियों ने भी सामान जलने और जान बचाने के दौरान हुई परेशानी को लेकर ऐसी ही जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग के कारण मार्ग के एक हिस्से का यातायात बंद करवाकर वाहनों को दूसरी ओर से निकाला गया। कुछ ही देर में अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बस लगभग पूरी जल चुकी थी। अग्निशमन दल ने आग पर तो काबू पा लिया, पर तबतक बस के साथ-साथ अंदर रखा सामान जल चुका था। इसी बीच घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भी पहुंचाया गया। फिलहाल, ताजा अपडेट के अनुसार, सभी की हालत खतरे से बाहर है।
फिलहाल, पुलिस सुबह से इंदौर की ओर जाने वाली यात्री बसों को रुकवाकर हादसे से बचे यात्रियों को उनकी आवश्यकता और स्थान के हिसाब से लगातार दूसरी बसों में बैठाकर आगे भेजने की व्यवस्था कर रही है।