24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dhar news: ‘दीदी घर चलो…’, रक्षाबंधन पर बहन को बुलाने गया था इकलौता भाई , लौटने से पहले आई मौत की खबर

Road accident: बहन को खुशी-खुशी बुलाने गया भाई हमेशा के लिए चला गया। त्योहार से पहले ही घर में कोहराम मच गया।
3 min read
Google source verification

धार

image

Astha Awasthi

Aug 24, 2026

Road accident: भाई समेत 3 लोगों की मौत, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Road accident: भाई समेत 3 लोगों की मौत, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Dhar news: रक्षाबंधन से पहने बहन को घर आने का न्योता देने गए भाई को भगवान ने त्योहार से पहले ही छीन लिया। भाई दोनों बच्चों और ससुर को लेकर बहन के घर के लिए खुशी-खुशी निकला था लेकिन किसी को नहीं पता था कि रास्ते में इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी। जानकारी के लिए बता दें कि मांगोद-मनावर मार्ग पर जीराबाद के समीप दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।

परिवार के सदस्य बाइक से बहन के घर राखी का बुलावा देने पहुंचे थे। जहां से वापस लौटते समय रास्ते में एसयूवी से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार साल के बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं 12 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसका उपचार धार जिला अस्पताल में चल रहा है।

ये है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे जीराबाद के समीप डागरिया वनग्राम के पास एसयूवी एमपी 11 एन 6289 ने बाइक एमपी 11 जेडई-0324 को टक्कर मार दी। हादसे में केशवी निवासी अंतरसिंह पिता लालसिंह (32), बेटा अशोक (4) और काका ससुर भूरुसिंह (50) की मौके पर मौत हो गई। वहीं अंतरसिंह की बेटी रेशम (12) गंभीर रूप से घायल हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद जीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-112 और पुलिस वैन से शवों और घायल को गंधवानी शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां पीएम हुआ। बालिका को गंभीर हालत में धार भेजा गया।

खुशी-खुशी घर से निकले

परिजनों के अनुसार अंतरसिंह मिस्त्री का काम करता है। वह बड़ी बहन के गांव रोड़दा जाने के लिए निकले। साथ में बेटा-बेटी को भी बाइक पर बैठा लिया। तीनों खुशी-खुशी सुबह 9 बजे घर से निकले। रास्ते से काका ससुर भूरुसिंह को ले लिया। चारों बाइक से बड़ी बहन एलबाई घर घर गए। वहीं उन्होंने बहन से कहा था कि दीदी घर चलो...। रक्षाबंधन पर घर आने का न्योता देने के बाद सभी वापस लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। घटनास्थल से गांव पांच किमी. दूर रह गया था। घर आने से पहले मौत की खबर आ गई। इससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। दोपहर में तीनों का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। घटनास्थल पर कुछ देर तक जाम भी लग गया था। सडक़ पर क्षतिग्रस्त बाइक और तीन शवों को देखकर राहगीर भी स्तब्ध रह गए।

इकलौता कमाने वाला था भाई

ग्रामीणों के अनुसार अंतरसिंह परिवार में इकलौता कमाने वाला था। उसकी तीन लड़कियां और एक एक लडक़ा था। दो लड़कियां घर पर थी। माता-पिता बुजुर्ग है और एक छोटा भाई है, जो दिव्यांग है। दो बहनों की शादी हो गई। दूसरी बहन अमझेरा में रहती है। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में रक्षाबंधन पर बहन के आने की तैयारी होनी थी, वहां अब मातम है। राखी का धागा बांधने से पहले ही रिश्तों की डोर हमेशा के लिए टूट गई।

दो दिन पहले भी हुई थी घटना

बता दें कि दो दिन पूर्व भी डागरिया के पास सड़क दुर्घटना हुई थी। एक बार फिर से हुई घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया। जिनका कहना है कि हादसे के बाद भी प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। ग्राम पंचायत खेडी बलवारी के सरपंच प्रतिनिधि इरभान किराड़े ने बताया कि ब्लैक स्पॉट पर गतिरोध बनाने अति आवश्यक है। पूर्व में कई बार मांग की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अंधे मोड़ पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर बनाना चाहिए।

हादसे में चार साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हुई है। एक बालिका गंभीर घायल हुई है। जिसे धार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।- रविंद्र चौधरी, चौकी प्रभारी में जीराबाद