
धार. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ममता जैन के मार्गदर्शन में जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धार रामसहारे राज और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धार धर्म कुमार द्वारा 27 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत भवन में यह शिविर लगाया गया।
इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को नालसा (आशा) योजना-2025 के अंतर्गत 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। उन्हें समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता की प्रक्रिया, महिला और बालकों के अधिकार, नशे के दुष्परिणाम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों से संबंधित जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में सचिव द्वारा सभी को नशामुक्ति के लिए शपथ दिलाई गई। इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को नालसा (डॉन) योजना-2025, 'गुड टच-बैड टच', नालसा (बाल अनुकूल कानूनी सेवाएं) योजना-2024, साइबर सुरक्षा एवं अपराध, वर्तमान समय में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के उपाय और नालसा हेल्पलाइन नंबर (15100) के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत केसरपंच, सचिव प्रतिनिधि के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंतरसिंह परमार, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं आदि मौजूद थे।