
Jitu Patwari: मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर शराब माफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। जीतू पटवारी ने कहा कि गुजरात में अवैध शराब भेजना, बिना सरकार के संरक्षण के संभव नहीं है। सरकार को माफियाओं को बचाना बंद करना चाहिए। पटवारी ने पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा भी निःशुल्क करने की मांग सरकार से की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को धार के बरमंडल में शहीद टीआई दिलीप पुरी के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। यहां उन्होंने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मप्र की सरकार शराब माफियाओं को संरक्षण दे रही है। रोजाना 100 ट्रक शराब गुजरात जाती है। यह किनके इशारों पर हो रहा है। सरकार माफियाओं को खत्म करने की कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?
जीतू पटवारी ने कहा कि शहीद दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी है जब पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह से निःशुल्क की जाएगी। पटवारी ने मंत्री विश्वास सारंग पर भी पलवार किया। पटवारी ने कहा कि 25 साल से सरकार में हैं, फिर व्यवस्था की खामियों के लिए कौन जिम्मेदार? अपराधियों की गिरफ्तारी और दोषियों को सजा देने में देरी क्यों की जा जाती है, पटवारी ने ठोस कार्रवाई की मांग भी की।
आरोपी राहुल जायसवाल को लेकर पटवारी ने कहा कि यूथ कांग्रेस के सदस्यों को पार्टी से हटाया जा चुका है, जानकारी निकाल लें।
जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार को कामकाज के तरीकों की समीक्षा करना चाहिए। सीबीआई जांच कराना चाहिए कि गुजरात किन माफियाओं शराब जा रही है। इसके पीछे कौन है। किसके संरक्षण में शराब गुजरात जा रही है? अवैध शराब गली-गली बिक रही है।