Rajgarh Girl Asha Malviya : नारी शक्ति का संदेश लेकर साइकिल से भारत यात्रा पर निकली राजगढ़ की बिटिया आशा मालवीय बीती रात धार के पीथमपुर पहुंची। यहां शहरवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस यात्रा में वो 7500 कि.मी सफर करेंगी।
Rajgarh Girl Asha Malviya : साइकिल से भारत यात्रा पर निकली मध्य प्रदेश के राजगढ़ में रहने वाली आशा मालवीय बीती रात कई राज्यों की यात्रा करते हुए एक बार फिर अपने गृह राज्य के धार जिले के पीथमपुर पहुंचीं। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया। आशा मालवीय राजस्थान के जयपुर से होते हुए बीती रात औधोगिक क्षेत्र पीथमपुर के रास्ते महू के लिए रवाना हुई। आपको बता दें कि, बीते 74 दिनों में आशा करीब 2500 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी हैं।
आशा मालवीय के अनुसार, इस यात्रा से पहले अलग-अलग विषयों को लेकर वो अबतक करीब 60 हजार किलोमीटर की यात्रा कर चुकी हैं। इस बार की उनकी साइकिल यात्रा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि, वो 'नारी शक्ति' 'देश भक्ति' और 'महिलाओं के अदम्य साहस' का उद्देश्य लेकर साइकिल से भारत यात्रा पर निकली हैं। जयपुर से गुजरात होते हुए वो अरुणाचल प्रदेश तक करीब 7500 किलोमीटर यात्रा पूरी करेंगी।
बता दें कि, आशा मालवीय इससे पहले ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। सेक्टर एक थाना पुलिस ने आशा मालवीय को प्रोटोकॉल के तहत थाने की सीमा से विदा किया। साथ ही, पुलिस की ओर से आशा के अदम्य साहस को सलाम भी किया।
ये भी बता दें कि, आशा मालवीय ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी यात्रा निकाली थी। उन्होंने राजधानी भोपाल से मध्य प्रदेश की कई विधानसभाओं में साइकिल के जरिए वोट यात्रा की थी। उस दौरान उन्होंने लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया था।