धार

छावनी में बदला धार, दो DIG और 13 SP रैंक के अफसर, CAPF समेत हजारों पुलिसकर्मी मैदान में

Bhojshala Dhar: नौ साल बाद वसंत पंचमी और जुमा एक साथ, उत्सव के लिए दिनभर पूजा पाठ की और जुमे की नमाज पढ़ने के लिए अनुमति मांगने सुप्रीम कोर्ट पहुंचे दोनों पक्ष, सुनवाई थोड़ी देर में...
2 min read
Jan 22, 2026
Bhojshala dhar news update
Bhojshala dhar news update(photo:patrika)

Bhojshala Dhar: नौ साल बाद 23 जनवरी को वसंत पंचमी शुक्रवार के दिन पड़ रही है। केंद्रीय पुरातत्व विभाग (ASI) के अधीन भोजशाला में वाग्देवी की आराधना और जुमे की नमाज साथ होने हैं। लेकिन इससे पहले ही यहां हालात एक बार फिर संवेदनशील हो गए हैं। उत्सव समिति ने जहां वसंत पंचमी पर पूरे दिन अखंड पूजा का आह्वान का संकल्प लिया है। वहीं मुस्लिम समाज ने सांकेतिक नमाज अदा करने की बात कही है।

दिनभर पूजा की अनुमति के लिए हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस पहले से ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुका है। अब मुस्लिम समाज भी शीर्ष कोर्ट पहुंचा। कोर्ट गुरुवार को मामले में सुनवाई करेगा। दोनों पक्षों को देखते हुए धार में पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। पुलिस मुख्यालय के अफसरों के अनुसार, इससे पहले 2016 में वसंत पंचमी शुक्रवार को पड़ी थी।

सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्ष आमने-सामने

हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की ओर से अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन दिया है। एएसआइ के 2003 के आदेश का हवाला दे कहा, वसंत पंचमी पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा की अनुमति है। शुक्रवार होने पर नमाज की स्थिति साफ नहीं है। कोर्ट से दिशा-निर्देश मांगा है। मुस्लिम समाज भी कोर्ट पहुंचा। शहर काजी वकार सादिक ने बताया, बाबा कमाल मौलाना वेलफेयर सोसायटी की ओर से ASI के आदेश, ऐतिहासिक तथ्य कोर्ट में रखेंगे।

पीएचक्यू ने तैनात की हजारों की फौज

मामले की गंभीरता देख पुलिस महकमा अलर्ट पर है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अफसरों की लंबी फौज धार के मैदान में उतार दी है। इंदौर ग्रामीण आइजी अनुराग को प्रभारी बनाया है। उनके साथ दो डीआइजी स्तर के अफसर तरुण नायक और अमित सांघी समेत 13 एसपी रैंक के अफसरों को तैनात किया है। PHQ के अफसरों के अनुसार, 2016 में वसंत पंचमी शुक्रवार को पड़ी थी। जब उत्सव और जुमा साथ हुए थे।

आइजी एसपी ने लिया जायजा

बता दें कि बुधवार को आइजी अनुराग, एसपी मयंक अवस्थी, आरएएफ आइजी पहुंचे। सीआरपीएफ आइजी नीतू भट्टाचार्य ने भी भोजशाला में स्थिति देखी।

इतनी कड़ी पहरेदारी

-पुलिस अफसरों समेत बड़ी संख्या में बल भोजशाला परिसर समेत पूरे धार जिले में तैनात।

-8 कंपनी सीएपीएफ की, यानी करीब 1000 जवान और मप्र पुलिस के 6000 अतिरिक्त बल तैनात।

-20 ड्रोन से पूरे शहर में सर्चिंग, 1000 कैमरों से पीएचक्यू स्तर से निगरानी।

-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से क्राउड मैनेजमेंट, इलाके की 3डी मैपिंग भी कराई गई है।

300 मीटर के दायरे में नो-फ्लाई जोन

भोजशाला क्षेत्र में वसंत पंचमी पर 300 मीटर परिधि को नो-फ्लाई जोन घोषित किया है। इस क्षेत्र में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून समेत सभी तरह की उड़ान प्रतिबंधित रहेगी।

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई थोड़ी देर में

भोजशाला मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है। इसके बाद स्थिति साफ होगी। हम कानून-व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। व्यवस्थाओं के लिए भोजशाला में अंदर-बाहर बैरिकेडिंग व टेंट आदि लगाए हैं।

-प्रियंक मिश्रा, कलेक्टर, धार

Published on:
22 Jan 2026 09:26 am