
Wife Body in Bed Box:धार जिले के नगर के भानगढ़ रोड स्थित शंकरपुरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। चरित्र शंका के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी का शव घर की दीवान (बिस्तर पेटी) में छिपा दिया और उसके ऊपर बिस्तर लगाकर सो गया। 10 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। सूचना मिलने पर राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकरपुरा क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक महिला सुबह से दिखाई नहीं दे रही है तथा उसका पति अपनी पत्नी के परिजनों को संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। सूचना पर पुलिस शंकरपुरा निवासी कमलेश खराड़ी के घर पहुंची। उस समय आरोपी घर में बिस्तर पर सो रहा था। पुलिस ने उससे पूछताछ की और महिला की तलाश शुरू की। संदेह होने पर पुलिस ने बिस्तर पेटी की तलाशी ली, जहां 35 वर्षीय हिना खराड़ी का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर भेज दिया तथा आरोपी पति कमलेश खराड़ी को हिरासत में ले लिया।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करता रहा। जब पुलिस टीम द्वारा आसपास के रहने वाले लोगों, रिश्तेदारों और उसके बच्चों से बात की तो पत्नी हिना और कमलेश के बीच विवाद की बात सामने आई, जब पुलिस ने सख्ती की तो आरोपी पति कमलेश ने सच बताया और हत्या करना कबूल किया। उसने बताया कि उसे पत्नी हिना के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को बिस्तर पेटी में छिपा दिया।
परिजनों के अनुसार दोनों ने करीब 10 साल पूर्व प्रेम विवाह किया था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से आरोपी शराब का आदी हो गया था, जिसके चलते अक्सर विवाद होता था। पति को शक था कि वह किसी तीसरे व्यक्ति के संपर्क में है, जिससे आए दिन विवाद हो रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दंपती कमलेश और हिना के तीन बेटियां और एक बेटा है। घटना के समय घर में विवाद होने के कारण सभी बच्चे अपनी बुआ के घर जाकर सो गए थे, तभी आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी को अकेला पाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-समीर पाटीदार, थाना प्रभारी राजगढ़