ग्वालियर

श्वेतांबर जैन समाज दो पर्युषण, तो दिगंबर एक मनाएगा, शुरू होंगे तप के दिन

- 13 से 20 अगस्त तक होने वाले पर्युषण पर्व में होंगे कई कार्यक्रम

2 min read
श्वेतांबर जैन समाज दो पर्युषण, तो दिगंबर एक मनाएगा, शुरू होंगे तप के दिन


ग्वालियर. जैन समाज में पांच माह का चातुर्मास मनाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार श्वेतांबर समाज में आत्मशुद्धि का पर्वाधिराज पर्युषण पर्व दो बार मनाया जाएगा। इसमें पहला पर्युषण पर्व 13 से 20 अगस्त तक मनेगा। वहीं दिगंबर जैन समाज एक ही बार पर्युषण पर्व मनाएगा। श्वेतांबर जैन समाज में पहले पर्युषण पर्व की शुरूआत 13 अगस्त को और दूसरे की 12 सितंबर को होगी। मंदिर में अट्ठाई व्याख्यान, कल्पसूत्र वाचन, सम्वतसरी महापर्व, महावीर जन्म वाचन आदि होंगे। तपस्वी महिलाएं दस दिन का निर्जला व्रत रखेंगी। इधर दिगंबर जैन मंदिर में इस आध्यात्मिक पर्व के दौरान दस लक्षण महापर्व में अलग-अलग दिन कार्यक्रम होंगे। लोग अपनी भूलों, गलतियों के लिए क्षमा मांगेंगे और दूसरों को भी क्षमा करेंगे।

दिगंबर जैन मंदिर में शुरूआत 19 सितंबर से

दिगंबर जैन समाज में पर्युषण पर्व 19 सितंबर से प्रारंभ होकर 29 सितंबर तक चलेंगे। 30 सितम्बर को क्षमावाणी का पर्व मनया जाएगा। दिगंबर जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन ने बताया कि शहर में चल रहे जैन संत और साध्वियों के चातुर्मास में पर्युषण पर्व भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इसमें जैन धर्म के अनुयायी विशेष रूप से 10 दिन तक 24 तीर्थंकर भगवान की आराधना करते हैं। महापर्व में दस दिन में कई श्रद्धालु 24 घंटे में एक बार गर्म जल का सेवन कर पूरे समय निराहार रहते हैं। वहीं कुछ लोग बिना जल के ही रहते हैं। ऐसे तपस्वियों का समाज सम्मान करता है। इन दिनों में विशेष रूप से त्याग, नियम और साधना करते हैं। शहर के विभिन्न मंदिरों में पर्युषण पर्व की तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान मंदिरों को सजाया भी जाता है।

जैन श्वेतांबर समाज के श्रावक करेंगे रोज प्रतिक्रमण

जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ के पर्युषण महापर्व 13 अगस्त से 20 अगस्त तक और दूसरे पर्युषण 12 से 19 सितंबर के बीच मनेंगे। जैन श्वेतांबर समाज के प्रवक्ता संजीव पारख ने बताया कि जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ की ओर से पर्युषण पर्व पर चिंतामणि पार्श्वनाथ भगवान मंदिर, बैरागपुरा, सराफा बाजार में श्रावकों का प्रतिक्रमण रोजाना सुबह एवं शाम 7 बजे, शाविकाओं का शाम 6 बजे होगा। रोजाना 8.30 बजे से प्रभु की नयनरम्य भव्य अंगरचना, भजन एवं प्रतियोगिताएं होंगी। इस मौके पर वर्धमान जैन स्वाध्याय मंडल जावरा से गौरव बम, गौतम ठाकुरिया एवं रोहण सकलेचा प्रवचन देंगे।

Published on:
31 Jul 2023 02:00 am
Also Read
View All

अगली खबर