Vivah Muhurt: हिंदू धर्म के अनुसार हर मांगलिक और नए कार्य को शुभ मुहूर्त में करना चाहिए। इसमें 16 संस्कारों में से एक विवाह संस्कार के लिए सबसे शुभ मुहूर्त और तिथि की जरूरत पड़ती है। लेकिन एक वर्ष में कई बार ऐसा समय आता है शुभ ग्रहों के अस्त होने पर इन कामों पर रोक लग जाती है। ऐसा ही समय आने वाला है, जब तीन महीने के लिए विवाह के लिए तीन महीने इंतजार करना पड़ेगा.. आइये जानते हैं कब से बंद होंगे विवाह और कब है अगला विवाह मुहूर्त ...
हिंदू धर्म के अनुसार शादी विवाह समेत सभी शुभ काम के लिए शुभ ग्रह शुक्र और गुरु का उदय होना जरूरी है। अब एक हफ्ते बाद 1 मई को शुक्र ग्रह और 8 मई को गुरु ग्रह अस्त हो जाएंगे। इसलिए 1 मई से विवाह समेत सभी मांगलिक कार्य बंद हो जाएंगे और ये काम इन दोनों शुभ ग्रहों के उदय के बाद ही शुरू होगा।
हिंदू ग्रंथों के अनुसार खरमास और चातुर्मास (विष्णुजी के शयन पर जाने और उठने तक) आदि में मांगलिक कार्य नहीं होते। इसके अलावा गुरु और शुक्र ग्रह के अस्त होने पर भी मांगलिक कार्य नहीं होते। अब वर्ष 2024 में 6 कुल महीनों में सिर्फ एक महीना ही ऐसा होगा जब विवाह के शुभ मुहूर्त उपलब्ध होंगे। बता दें कि मई से लेकर अक्टूबर तक में केवल जुलाई के महीने में ही शुभ मुहूर्त मौजूद हैं।
पंचांग के अनुसार इस साल मई, जून, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर आदि महीनों में शादी का मुहूर्त उपलब्ध नहीं होगा। अगर आप अप्रैल 2024 के बाद शादी के बंधन में बंधने के बारे में सोच रहे हैं, तो आपको इसके लिए अभी से तैयारी में जुट जाना चाहिए क्योंकि मई से अक्टूबर में आप जुलाई के महीने में शादी के बंधन में बंध सकते हैं।