
धौलपुर. शहर में जगह-जगह हो रहे जलभराव को दूर करने कलक्टर श्रीनिधि बीटी के आदेश के बाद हरकत में आए नगर परिषद के आला अधिकारियों ने बुधवार को मानसरोवर कालोनी से नालों और नालियों पर हो रखे अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन पीले पंजे के सामने उनकी न चली और इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ पीला पंजा गरजता रहा।
कलक्टर के निर्देश पर जलभराव वाली कॉलोनियों को चिह्नित कर पानी निकासी की कवायद शुरू की गई। मंगलवार को जहां आनंद नगर से नाली और नालों से अतिक्रमण हटाया गया वहीं बुधवार को मानसरोवर कालोनी से नालों की सफाई और उन्हें बनवाने के लिए उन पर हो रहे अतिक्रमण को हटावाया गया। जिसको लेकर शुरुआत में इलाके के लोगों ने इसका विरोध भी किया। लेकिन उनका विरोध ज्यादा देर तक नहीं चल सका। जिसके बाद नालियों के ऊपर पटिया, पत्थर और बने चबूतरों को ध्वस्त किया गया। अतिक्रमण हटाने के बाद नालों और नालियों की सफाई की जाएगी और जहां नालियां नहीं है वहां नालियां बनाई जाएंगी। कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता बृजमोहन सिंघल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रकाश श्रीवास्तव, सहायक अभियंता प्रिया कुमारी, सफाई सेक्टर प्रभारी मोहन सिंह, महेश दीक्षित सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।
आयुक्त ने किया था निरीक्षण
गत दिन पहले नगर परिषद जलभराव की समस्या दूर नहीं होने से अब इसमें मच्छरों का पनपना शुरू हो गया है। जिसको लेकर आनंद नगर, जगदंबा और मानसरोवर कॉलोनी के लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कॉलोनी के लोगों से जलभराव को लेकर चर्चा की। जिसके बाद आयुक्त ने दो दिन में जलभराव को समाप्त करने का आश्वासन दिया था।
जल निकासी के लिए नालों और नालियों पर हो रखे अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। जिससे जलनिकासी का मार्ग बनाया जाएगा। नालों और नालियों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
-बृजमोहन सिंघल, अधिशासी अभियंता नगर परिषद
चारागाह भूमि पर बने 3 अवैध मकानों को किया ध्वस्त
धौलपुर. जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर धौलपुर सदर थाना क्षेत्र के विश्नोंदा गांव में चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कलक्टर के निर्देश पर एसडीएम डॉ.साधना शर्मा के साथ तहसीलदार धर्म सिंह ने मौके पर पहुंचकर चारागाह भूमि पर बने तीन पक्के निर्माण ध्वस्त करा दिए।
तहसीलदार धर्म सिंह ने बताया कि विश्नोंदा गांव में चारागाह भूमि पर पक्के मकान बना लिए जाने की जानकारी मिली थी। जिस पर जिला कलक्टर ने आदेश जारी कर अवैध निर्माण कर बनाए गए मकानों को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। कलक्टर से मिले निर्देश के बाद एसडीएम शर्मा के साथ तहसीलदार और पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। जहां प्रशासन और पुलिस को चारागाह भूमि पर तीन पक्के मकान बने हुए मिले। मौके पर पहुंची टीम ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए तीनों पक्के मकानों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई को लेकर तहसीलदार ने बताया कि चारागाह भूमि पर धर्मेंद्र, राजपाल और रिषीपाल पुत्र थान सिंह के मकान बने हुए थे। जिन्हें जिला कलक्टर के निर्देश पर जेसीबी की सहायता से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।