धौलपुर

भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर किया जमकर पथराव, आधा दर्जन चोटिल, कई वाहनों के तोड़े शीशे

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Nov 25, 2018
shobha rani Supports

धौलपुर। सदर थाने के गांव झील का पुरा में रविवार शाम को भाजपा प्रत्याशी शोभारानी के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे समर्थकों पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने ना केवल एक दर्जन से अधिक प्रचार वाहनों के शीशे तोड़ दिए, बल्कि समर्थकों पर जमकर पथराव भी किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन समर्थक चोटिल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत कराया। वहीं, प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि धौलपुर से भाजपा प्रत्याशी के पति बीएल कुश्वाह पर कुछ वर्ष पहले गांव झील का पुरा निवासी नरेश कुशवाह की हत्या करवाने का आरोप था, मामले में आरोप तय हो जाने पर बीएल कुश्वाह जेल में आजीवन सजा काट रहे है। तभी से मृतक नरेश के परिजन भाजपा प्रत्याशी के परिजन से रंजिश रखते है।

हुआ यूं कि रविवार शाम करीब पांच बजे धौलपुर से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में करीब एक दर्जन प्रचार वाहनों को लेकर सदर थाने के गांव झील का पुरा पहुंचे। यहां भाजपा प्रत्याशी से रंजिश रखने वाले एक परिवार के कुछ लोग यहां पहुंचे और समर्थकों का विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान विरोध करने वाले लोगों ने प्रचार वाहनों को शीशे और समर्थकों पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव बढ़ता देख समर्थकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर सदर थाना पुलिस पहुंची और समझाइश कर मामले को शांत कराया। घटना के दौरान करीब आधा दर्जन समर्थकों के चोटिल होने की जानकारी मिली है, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है।

समर्थकों ने घटना के दौरान फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने फायरिंग को लेकर कोई भी पुष्टि नहीं की है। समाचार लिखे जाने तक गांव में तनाव के चलते जाप्ता तैनात किया गया है, घटना को लेकर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

रंजिश से जुड़ा मामला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिसम्बर 2016 में धौलपुर विधायक बीएल कुश्वाह को झील का पुरा निवासी नरेश कुश्वाह की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। तभी से मृतक नरेश के परिजन की बीएल कुश्वाह के परिवार से रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते जब रविवार को धौलपुर से भाजपा प्रत्याशी शोभारानी(बीएल कुश्वाह की पत्नी) के समर्थन में लोग गांव पहुंचे तो नरेश के परिजन ने उन पर हमला कर दिया।

Published on:
25 Nov 2018 08:37 pm