Dholpur News: धौलपुर जिले के कौलारी थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय मासूम बालिका के साथ चॉकलेट के बहाने घिनौनी वारदात करने के प्रयास का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक अन्य के हरकत को देख लेने के बाद आरोपित मासूम को छोडकऱ भाग निकला। घटना गुरुवार रात करीब 11.30 बजे […]
Dholpur News: धौलपुर जिले के कौलारी थाना क्षेत्र में एक सात वर्षीय मासूम बालिका के साथ चॉकलेट के बहाने घिनौनी वारदात करने के प्रयास का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक अन्य के हरकत को देख लेने के बाद आरोपित मासूम को छोडकऱ भाग निकला। घटना गुरुवार रात करीब 11.30 बजे की बताई जा रही है। बालिका को एक युवक गली में लेकर गया था, जिस पर एक वृद्ध ने उसे देख लिया और वह मौके से भाग निकला।
जानकारी के अनुसार कौलारी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को शादी समारोह में आए किसी एक युवक ने घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना पर पुलिस एक्टिव हो गई और जांच की। वहीं, शुक्रवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक सैंपऊ व पुलिस उपाधीक्षक मनियां खलील अहमद ने भी मौके पर पहुंच कर जायजा लिया है। अलग-अलग पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय बनी हुई है।
एसपी विकास सांगवान ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव में आई बारात में यह अज्ञात व्यक्ति भी था, जहां उसने मासूम बालिका को पहले एक परचून दुकान से चॉकलेट दिलवाई, उसके बाद दुकान के पास ही एक खंडार मकान में ले गया। जहां उसने घिनौनी वारदात करने की कोशिश की। लेकिन किसी के देख लेने के कारण आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने बालिका की मेडिकल जांच करवाई है।
पुलिस ने अब जांच शुरू कर दी। आरोपी को चिन्हित करने के लिए शादी के दौरान के वीडियो कलेक्ट किए जा रहे हैं तथा आसपास लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने कहा कि बालिका को एक व्यक्ति बहला-फुसला कर लेकर गया था। जिसे किसी ने देख लिया, जिस पर वह संदिग्ध भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।