– मारपीट कर भाग निकले बाइक सवार, आधा दर्जन से अधिक थे हमलावर – शहर के मुख्य बाजार हरदेव नगर की घटना धौलपुर. शहर में कोतवाली थाना अंतर्गत हरदेव नगर क्षेत्र में गुरुवार को दो बाइक सवार आधा दर्जन से अधिक जनों ने एक युवक की लाठी-डंडों से जमकर मारपीट कर दी। हमले में युवक […]
- मारपीट कर भाग निकले बाइक सवार, आधा दर्जन से अधिक थे हमलावर
- शहर के मुख्य बाजार हरदेव नगर की घटना
धौलपुर. शहर में कोतवाली थाना अंतर्गत हरदेव नगर क्षेत्र में गुरुवार को दो बाइक सवार आधा दर्जन से अधिक जनों ने एक युवक की लाठी-डंडों से जमकर मारपीट कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल को बाद में जिला अस्पताल भिजवाया।
घायल युवक दीपक निवासी सरमथुरा ने बताया कि वह बाजार की ओर आ रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अज्ञात जनों की एक बाइक सामने से टकरा गई। मामूली कहासुनी के बाद मामला अचानक बढ़ गया और कुछ ही देर में दो बाइकों पर सवार 6से 7 जने मौके पर आ गए। आरोप है कि बाइकों से आए युवकों के हाथ में लाठी-डंडे थे और आते ही मारपीट शुरू कर दी। बाजार में हुई इस घटना से मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में हडक़ंप मच गया। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिलाअस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
शाम होते ही घूमते हैं संदिग्ध बाइकर्स...
बाजार में शाम होते ही संदिग्ध बाइकर्स मुख्य बाजारों में घूमते दिख जाएंगे। ये लोग तेज रफ्तार बाइक दौड़ते हैं और चेहरों पर कपड़ा बांधकर रखते हैं। बाइकर्स रेलवे स्टेशन रोड, घंटाघर रोड, हरदेव नगर, जेल रोड से मदीना कॉलोनी, संतर रोड और केन्द्रीय बस स्टैंड, गुलाब बाग और मचकुंड रोड पर शाम होते ही यह बाइक्स सवार नजर आ जाएंगे। यह तेज रफ्तार बाइक चलाते हैं और कुछ के साइलेंर मॉडिफाइड होती हैं।