
Dholpur, बाड़ी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान में भाजपा प्रत्याशी मुकेश सिंघल ने कांग्रेस की रेनू सिंघल को 9 मतों से पराजित किया। भाजपा के मुकेश बाड़ी पालिका के 19वे अध्यक्ष बने। 45 वार्ड की पालिका में भाजपा के मुकेश को 27 मत मिले जबकि कांग्रेस की रेनू को 18 पार्षदों के मत मिले। जबकि कांग्रेस के 21 पार्षद थे। यानी कुछ पार्षदों ने अंतिम समय में पाला बदल लिया। जबकि भाजपा के मात्र 8 पार्षद विजयी हुए थे।
रिटर्निंग अधिकारी अमित वर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निर्वाचित होने के बाद अध्यक्ष सिंघल ने कहा कि जनता की जो समस्याएं हैं, जिनको लेकर जनता उनसे आस लगाए हुए हैं, उसके समाधान का पूर्ण प्रयास रहेगा। शहर की साफ. सफाई, जलभराव और अन्य मुख्य समस्याओं पर प्राथमिकता दी जाएगी।गौरतलब रहे कि भाजपा को बाड़ी में 8, कांग्रेस को 21 सीट मिली थी। 16 सीट अन्य के खातों में थी। शुरुआत में कांग्रेस के बोर्ड प्रबल संभावनाएं थी। लेकिन पूर्व विधायक गिरिराज सिंह मलिंगा और पार्टी पदाधिकारी की चुनावी रणनीति और बाडेबंदी ने हारी बाजी को जीत में बदल दिया। चुनाव में भाजपा की संख्या 8 थी जो मतदान वाले दिन 27 पर पहुंच गई। निर्दलीय भी भाजपा खैमा में शामिल हो गए और कांग्रेस के तीन सदस्यों ने भी क्रॉस वोटिंग की।
विष्णु सिंघल ने लगाया सदस्य चोरी का आरोप
कांग्रेस के विष्णु सिंघल ने कहा कि जनाधार कांग्रेस को मिला था लेकिन भाजपा सरकार और प्रशासन ने ताकत का दुरुपयोग करते हुए पार्षदों की चोरी कर ली। यहां तक की कांग्रेस पार्षदों को भी येन.केन प्रकारेण अपने साथ मिला लिया। कहा कि विपक्ष में बैठेंगे और पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। सिंघल की पत्नी रेनू कांग्रेस प्रत्याशी थी। विष्णु भी वार्ड 29 से चुनाव लड़े थे लेकिन वह 14 वोटों से हार गए। वह अध्यक्ष पद के दावेदार थे।
मुकेश 19वें चेयरमैन बने
निर्वाचित भाजपा के प्रत्याशी मुकेश सिंघल नगर पालिका बोर्ड के 19वें अध्यक्ष बने हैं। वह अग्रवाल समाज के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। सिंघल नामांकन के अंतिम दिन बाड़ी पहुंचे और मंथन के बाद वार्ड 23 से नामांकन दाखिल किया। बाद में वह वार्ड से निर्विराध पार्षद चुन लिए गए। जीत के बाद सिंघल ने कहा कि वह जयपुर से बाड़ी आए हैं तो कुछ सोच समझकर ही आया हूं। क्षेत्र के विकास ही मकसद है।