धौलपुर

बीच बाजार बॉडी बिल्डर की लाठी-सरियों से पीट-पीट कर हत्या, मचा हड़कंप

बीच-बाजार शनिवार देर शाम तीन युवकों ने जिम संचालक बॉडी बिल्डर की लाठी-सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी।
2 min read
Apr 14, 2019
Bodybuilder murder in dholpur

धौलपुर। निहालगंज थाना इलाके के जिला कलक्ट्रेट के सामने बीच-बाजार शनिवार देर शाम तीन युवकों ने जिम संचालक बॉडी बिल्डर की लाठी-सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। इस दौरान मौके पर खड़ी पुलिस जीप को चालक लेकर भाग निकला। मृतक के भाई ने पांच जनों को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया है।

वहीं, घटना के नाराज मृतक के परिजनों ने शनिवार रात एक बजे व रविवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जगदीश चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे शहर पुलिस उपाधीक्षक ने समझाइश कर मामले को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार शास्त्री नगर सेक्टर 4 में रहने वाला दीपक सिंघल पुत्र महेश सिंघल बॉडी बिल्डर था और शहर में जिम का संचालन करता था। दीपक बाइक से बाडी रोड से शहर की तरफ आ रहा था। रास्ते में जिला कलक्ट्रेट के सामने तीन युवकों ने लाठी मारकर बाइक सवार दीपक को गिरा दिया और सरियों से हमला कर दिया।

युवक को मृत जानकार अज्ञात युवक मौके से भाग निकले। घटना स्थल के पास पुलिस जीप भी खड़ी हुई थी, दीपक से जैसे ही आरोपी युवकों ने मारपीट शुरू की तो पुलिस जीप चालक मौके से तेज रफ्तार से जीप लेकर भाग निकला।

गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, यहां हालात गंभीर होने पर एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां से आगरा ले जाते समय रास्ते में दीपक ने दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
घटनाक्रम के दौरान शहर के निहालगंज थाना पुलिस की कार्य शैली पर सवाल खड़ा कर दिया है। वारदात की सूचना मिलने के करीब आधा घंटे बाद थाना से एक एएसआई मौके पर पहुंचे और एक-दो लोगों से पूछताछ की औपचारिकता के बाद वापस लौट आए। सूचना पर थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर वस्तु स्थिति जानने की जहमत नहीं उठाई।

मृतक के भाई ने कराया मामला दर्ज
घटना के संबंध में मृतक के छोटे भाई की ओर से पांच जनों को नामजद करते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में आरोप लगाया है कि वह अपने बड़े भाई दीपक सिंघल के साथ बाइक सवार होकर दुकान से अपने घर जा रहे थे, रास्ते में सर्किट हाउस के सामने अवधेश शर्मा, शंकरलाल शर्मा, गोपाल शर्मा, गौरव सिसौदिया व सौरभ सिसोदिया पर लाठी डंडों से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Published on:
14 Apr 2019 07:21 pm