
धौलपुर. जिला परिवहन कार्यालय में इन दिनों ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट टैक पर अच्छे-अच्छे वाहन चालकों के पसीने छूट रहे हैं। अभी तक बिना नियम कायदे और हवा से बात करने वाले जेन-जी इस ट्रॉयल को पास नहीं कर पा रही है। लाइसेंस बनवाने क ेलिए सिफारिशें भी लग रही हैं लेकिन ट्रॉयल को अनिवार्य होने से दाल नहीं गल पा रही है। विशेषकर अनाडिय़ों की जो अभी तक सिफारिश और जान-पहचान के लिए पूर्व बिना पूर्ण जानकारी और प्रशिक्षण नहीं नहीं हो पाने के बाद भी लाइसेंस लेकर सडक़ों पर उतर आते थे। लेकिन अब जिला परिवहन कार्यालय में लाइसेंस से पहले हो रहे टेस्ट ने युवाओं को मुश्किल डाल दिया है।
हाल ये है कि प्रतिदिन कार्यालय में करीब 8 से 10 लोग लर्निंग लाइसेंस की समय सीमा पूर्ण होने पर ट्रॉयल देने पहुंचते हैं लेकिन इसमें से मुश्किल से 2 से 3 ही पास हो रहे हैं। अधिकतर पहले ही ट्रॉयल में बाहर हो जाते हैं। कई तो तीन चांस भी गवा चुके हैं। लर्निंग लाइसेंस की छह माह की अवधि के बाद चालक यहां ट्रैक पर ट्रॉयल देने पहुंचता है, अगर तीन ट्रॉयल में भी पास नहीं होता है तो उसे फिर से लर्निंग फार्म भरना होगा। जबकि ट्रॉयल में फेल होने पर दूसरे में शामिल होने के लिए करीब 250 रुपए फीस जमा करनी होगी। अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस परिवहन विभाग की ओर से केवल टेस्ट ड्राइविंग लेने के बाद बन जाता था और जिसमें सभी उत्तीर्ण हो जाते थे। लेकिन सडक़ पर बढ़ते हादसों के बाद राज्य सरकार ने कुछ समय पहले ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक के जरिए लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रदेश की राजधानी जयपुर में जगतपुरा स्थित प्रादेशिक परिवहन कार्यालय समेत एक अन्य स्थान पर पहले ड्राइविंग ट्रैक के ट्रायल में सफल होने के बाद ही लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। अब धौलपुर में भी ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक शुरू हो गया है। इसके बाद लाइसेंस बनाने में विभाग के निरीक्षक की भूमिका समाप्त हो गई है। यहां परिसर में ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रैक पर ट्रॉयल देने के बाद भी लाइसेंस के हकदार होंगे। हाल ये है कि लाइट मोटर व्हीकल बनवाने वाले चालक अब दुपहिया का भी टेस्ट मुश्किल से पास कर पा रहे हैं।
पैर जमीन पर रखे तो सीधे बाहर...
जिला परिवहन कार्यालय में ट्रायल ऑटोमेटेड ड्राइविंग ट्रैक पर दुपहिया वाहन चालक हो या चौपहिया अगर उसे नियमों की सही जानकारी नहीं है तो बाहर होने में समय नहीं लगता है। कई चौपहिया वाहन चालक ड्राइविंग तो जानते हैं लेकिन नियम नहीं मालूम होते हैं। यहां ट्रैक पर एक कार चालक दो दफा फेल हो गया। वजह दोनों दफा वह सीट बेल्ट लगाना ही भूल गए। इसी तरह दुपहिया वाहन चालक के लिए भी जिक जैग बनाया है। साथ ही स्लो स्पीड में वाहन चलाना है और पैर जमीन पर रखे तो दूसरे ट्रॉयल का इंतजार करना होगा। अब यहां ट्रायल आसान नहीं है।
सेंसर और कैमरों की पैनी नजर
ड्राइविंग ट्रैक पर वाहन चालक पर कैमरों से निगरानी होती है। इसमें सेंसर भी लगे हैं जो चालक पर के वाहन चलाने पर नजर रखते हैं और उसकी गलती बताएंगे। इसके बाद मशीन से चालक का परिणाम जारी होगा। ड्राइविंग लाइसेंस बनना कितना कठिन है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसमें गणित के 8 और अंग्रेजी के एच पर गाड़ी चला कर दिखाना होता है। इसमें सफल होने पर ही लाइसेंस जारी होगा। यानी अब चालक को पहले तैयारी करनी होगी। निरीक्षक मनोज इंदौलिया ने बताया कि टेस्ट पास करना अनिवार्य है। इसलिए पहले तैयारी करनी चाहिए, जिससे सही तरीके से टेस्ट दिया जा सके। एक तरह से यह परीक्षा है, पास हैं तो लाइसेंस नहीं तो बाहर हो जाएंगे।
हाइटेक हो रहा विभाग, सबकुछ ऑनलाइन
प्रदेश का परिवहन एवं सडक़ सुरक्षा विभाग धीरे-धीरे हाइटेक हो रहा है। प्रादेशिक परिवहन कार्यालय हो या जिला कार्यालय उन्हें नवीन संसाधनों से लैस किया जा रहा है। विभाग की ओर से लाइसेंस, परमिट, टैक्स समेत कई परिवहन सेवाओं को ऑनलाइन किया जा चुका है। इससे कार्यों में सरलीकरण और पारदर्शिता आई है। साथ ही आमजन को परिवहन कार्यालय के चक्कर कम काटने होंगे। वह घर बैठे आवेदन और फीस जमा करा सकता है।
सडक़ हादसो में आएगी कमी...
ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया सख्त होने से भविष्य में सडक़ हादसों में भी कमी आएगी। वर्तमान में लाइसेंसधारी चालक को भी नियमों की पूर्ण जानकारी नहीं है। हाइवे या स्टेट सडक़ों पर लगे संकेतक को भी वह समझ नहीं पाते हैं। इस वजह से कई बार हादसे हो जाते हैं। धौलपुर जैसे शहर में जहां तीन राष्ट्रीय राजमार्ग गुजर रहे हैं, वहां पर इस तरह की लाइसेंस प्रक्रिया को फायदा होगा। पहले आसानी से लाइसेंस लेकर सडक़ पर वाहन दौडऩे वालों में कमी आएगी।