
करोड़ों की जमीन में खरीद-फरोख्त का घालमेल, 6 आरोपित गिरफ्तार
आठ वर्ष पुराना मामला
धौलपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या तीन पर रिलायंस पेट्रोल पम्प के सामने करोड़ों रुपए जमीन खरीद-फरोख्त में हुए घालमेल के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। कोतवाली थाना प्रभारी रामकेश मीणा ने बताया कि वर्ष 2010 में रामचरण कुशवाह ने धौलपुर निवासी सुभाष अग्रवाल को जमीन बेची थी। जिसमें कुछ राशि शेष थी। सुभाष अग्रवाल को जमीन की रजिस्ट्री भी करा दी। लेकिन कुशवाह ने उक्त जमीन को अन्य लोगों को भी बेच दिया। साथ ही सुभाष अग्रवाल के खिलाफ जरिए इस्तगासा मामला दर्ज करा दिया कि सुभाष ने फर्जी रजिस्ट्री करा ली है। इसके बाद सुभाष अग्रवाल ने भी जरिए इस्तगासा मामला दर्ज कराया कि कुशवाह ने उसके जमीन बेचने के बाद भी दूसरे लोगों को जमीन बेच दी। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच की। इस दौरान पुलिस ने रजिस्ट्री में दर्ज दोनों पार्टियों के हस्ताक्षरों को बैंकों में कर रखे हस्ताक्षरों से मेल कराया तो सही पाया गया। इसके बाद पुलिस ने विक्रयकर्ता रामचरण कुशवाह सहित जमीन को खरीदने वाले अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी मीणा ने बताया कि विष्णु पुत्र विजय सिंह गुर्जर निवासी भानपुर थाना सराय छोला मुरैना मप्र, धारा सिंह पुत्र श्यामलाल कुशवाह निवासी शीशे का नगला ककुआ थाना मलपुरा आगरा उप्र, अशोक पुत्र विलासराम त्यागी निवासी लुहारी थाना कोतवाली धौलपुर, रामचरन पुत्र नेहने कुशवाह निवासी तलाशी चौकी जीटी रोड धौलपुर थाना कोतवाली, दिलीप पुत्र दौलतराम गुर्जर निवासी निवासी साहनपुर थाना सदर धौलपुर, अनिल कुमार पुत्र सूरजपाल ब्राह्मण निवासी ऑफिसर कॉलौनी धौलपुर धोखाधड़ी तथा षड्यंत्रपूर्व जमीन बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।