धौलपुर

मोहब्बत का गजरा … धौलपुर का ताजमहल

देश में कई ऐसी प्रेम कहानियां और धरोहरें हैं जो प्यार और विश्वास का प्रतीक हैं। जो पे्रम के स्वर्णिम पल को अपने अंदर संजोए हुए हैं।

2 min read
Nov 02, 2024
धौलपुर. ऐतिहासिक गजरा का मकबरा।

धौलपुर. देश में कई ऐसी प्रेम कहानियां और धरोहरें हैं जो प्यार और विश्वास का प्रतीक हैं। जो पे्रम के स्वर्णिम पल को अपने अंदर संजोए हुए हैं। धौलपुर के महाराज भगवंत सिंह और गजरा की पे्रम कहानी भी इन्हीं में से एक है। जिनके पे्रम की दास्तां को डेढ़ सदी पूर्व बना गजरा पैलेस अपने अंदर संजाए आज भी खड़ा है। जिसे लोग धौलपुर का ताजमहल कहते हैं।
कहा जाता है कि कथाएं और निशानियां कभी समाप्त नहीं होती। उसमें भी अगर प्यार की खुशबू हो तो महक बरसों बरस तक बरकरार रहती है। प्रेम की कुछ ऐसी ही निशानी लिए है महाराणा स्कूल परिसर में करीब डेढ़ सदी पूर्व बना गजरा का मकबरा। इसे धौलपुर का ताजमहल कहें तो कोई अतिशियोक्ति नहीं होगी। राजस्थान के इतिहासकार श्यामलदास ने अपनी पुस्तक वीर विनोद में एक अध्याय धौलपुर के अहदनामे में गजरा का उल्लेख किया है। इमारत पर ध्यान नहीं देने से यह पर्यटकों की नजरों से दूर है। पर्यटन विभाग इस पर ध्यान दे तो मचकुण्ड के बाद शहर का दूसरा पर्यटन स्थल बन सकता है।

मुशायरे में हुआ पहला दीदार

इतिहासकार बताते हैं कि महाराजा भगवंत सिंह ने गजरा का पहला दीदार मुशायरा के दौरान किया था। उस समय दरबार में एक मुशायरा का आयोजन किया गया था। गजरा अत्यंत सुंदर, मोहक और नृत्य कलाओं में पारंगत थी। यही वो पल था जब महाराजा ने गजरा को पहली बार देखा। और देखते ही वह उनके पे्रम में डूब गए। और दोनों एक दूसरे की मोहबत में कैद हुए। भगवंत सिंह और गजरा के बीच पहली नजर का यह पे्रम धीरे-धीरे परवान चढ़ता गया।

पे्रम की अमिट निशानी बनाना चाहते थे महाराज

इतिहासकार अरविद शर्मा बताते हैं कि भगवंत सिंह अपनी प्रेयसी गजरा के लिए एक अमिट प्रेम निशानी बनाना चाहते थे जिसे लोग उनके पे्रम के रूप में सदा याद करें। जिसके बाद इस इमारत को ताजमहल जैसी सूरत देनी की कोशिश की गई। इमारत को बनाने के लिए नृसिंह बाग का चयन किया गया। महाराजा भगवंत सिंह चाहते थे कि इसी इमारत में उनकी और गजरा की कबे्रं भी बनाईं जाएं। गजरा और महाराजा की मृत्यु के बाद दोनों को उसी इमारत में दफनाया गया।

ताजमहल की तर्ज पर इमारत का निर्माण

महाराजा इस ऐतिहासिक इमारत को प्यार का प्रतीक माने जाने वाले ताजमहल की तर्ज पर कराना चाहते थे। जिसके लिए उन्होंने भरकस प्रयास किया। और इमारत में लाल और सफेद पत्थर का प्रयोग किया गया। इस इमारत में चारों ओर मीनारें, बीच के हिस्से चौकारें, बुलंद दरवाजा, चारों तरफ छोटे-छोटे महराब और मध्य में मकबरा स्थापित किया गया। जब इस मकबरे का काम अपने अंतिम चरण में था तो किन्हीं कारणों से कार्य रुकवा दिया। जिससे इस मकबरे का गुम्बद नहीं बन पाया और यह धौलपुर का ताजमहल गुम्बद के अभाव में अधूरा रह गया। 1859 के आसपास गजरा का इंतकाल हो गया।

खण्डहर हो रही इमारत, प्रशासन ने भी नहीं दिया ध्यान

वर्तमान में यह इमारत शहर के सबसे जिले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महाराना परिसर में है। लेकिन लंबे समय से यह उपेक्षित है। इमारत पर ध्यान नहीं देने से यह दिनोंदिन खण्डहर में तब्दील हो रही है। इमारत में बने बुर्ज धीरे-धीरे जर्जर होकर धराशायी हो रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से इस इमारत को कभी पर्यटन की दृष्टि से नहीं देखा, जिस वजह से यह अब पूरी तरह अलग-थलग हो चुकी है।

Published on:
02 Nov 2024 10:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर