
धौलपुर। धौलपुर जिले की बरौली ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव से पहले हुई हिंसा और युवक की हत्या के बाद सोमवार को मतदान पर भी इसका असर देखने को मिला। गांव में दहशत के चलते सुबह से ही पोलिंग बूथ पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह 11 बजे तक एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा। इसके चलते मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी। प्रशासन की ओर से मृतक पक्ष के लोगों से बातचीत के बाद मतदान में भाग लेने पर सहमति बन गई है। हालांकि, दोपहर 12 बजे तक भी पोलिंग बूथ पर मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि रविवार देर रात सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान हुई फायरिंग में पीतम पुत्र कल्याण की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष का रिंकू घायल हो गया था। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर आगजनी भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया।
धौलपुर एसपी विकास सांगवान ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी रिंकू को डिटेन कर लिया गया है। उसके पैर में चोट लगी है। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड तैनात किया गया है। पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी समेत 10 लोगों को डिटेन किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सोमवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम शुरू कराया गया। इसके बाद प्रशासन ने पीड़ित पक्ष के लोगों से बातचीत की। मतदान में शामिल होने पर सहमति बनने के बाद प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी की है।
मृतक पीतम 3 भाईयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा खुशीलाल, उसके बाद श्याम सिंह और तीसरा बेटा पीतम था। पीतम अविवाहित था। जो अपने भाइयों के साथ खेती बाड़ी करता था। घायल रिंकू के भाई की पत्नी रजनी गांव की निवर्तमान सरपंच हैं। इस बार सरपंच पद की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित है और रजनी फिर से चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबले के बीच दोनों पक्षों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक मृतक पीतम रविवार रात बाजार में सामान लेने के लिए जा रहा था। तभी सरपंच प्रत्याशी के परिजनों सहित करीब 20 से ज्यादा लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। इसी दौरान फायरिंग की घटना भी हुई। गोली लगने से पीतम गंभीर घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे सरमथुरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना से गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने बाद में रिंकू पक्ष के घरों पर हमला कर आग लगा दी। इसमें दूसरे पक्ष का युवक रिंकू घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरमथुरा सीओ दुलीचंद गुर्जर सहित सरमथुरा, आंगई और नादनपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के उपद्रवी मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकास सांगवान ने खुद मोर्चा संभाला। वे सोमवार सुबह करीब 5 बजे तक गांव में ही कैंप किए रहे। पुलिस की विशेष टीमों ने रातभर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को डिटेन किया। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।