धौलपुर

Dholpur News : अब खनन माफिया बेलगाम, यातायात पुलिस पर किया ट्रेक्टर चढ़ाने का प्रयास

खनिज संपदा को लेकर बरती जा रही ढिलाई के चलते कुछ लोग खनिज सामग्री को बेचकर चांदी कूट रहे हैं। विशेष बात ये हैं कि यह जिम्मेदारों के कार्यालयों के सामने से होकर गुजर रही है लेकिन फिर भी इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है।

3 min read
फोटो पत्रिका

धौलपुर. खनिज संपदा को लेकर बरती जा रही ढिलाई के चलते कुछ लोग खनिज सामग्री को बेचकर चांदी कूट रहे हैं। विशेष बात ये हैं कि यह जिम्मेदारों के कार्यालयों के सामने से होकर गुजर रही है लेकिन फिर भी इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है। अगर रोकने का प्रयास किया जाता है तो यह वाहन चढ़ाने से चूक नहीं रहे हैं। शहर के व्यस्त गुलाब बाग चौराहे पर खनिज सामग्री लेकर दौड़ रहे अनियंत्रित ट्रेक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार में टक्कर मार दी।

घटना देख प्वाइंट पर खड़े ट्रेफिक कर्मी दौड़े और रोकने का प्रयास किया तो उन पर रेस देकर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया। लेकिन हरकत देख यातायात कर्मी साइड से हो गए और वह चालक दनदनाता हुआ निकल गया। भागते ट्रेक्टर-ट्रॉली ने कृषि उपज मंडी के पास सर्विस लेन पर भी एक दुपहिया वाहन को टच किया, जिससे में वह बाल बाल बच गया।

घटना को लेकर बाद में ट्रेफिक पुलिस ने कुछ ट्रेक्टर-ट्रॉली चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर इन्हें जब्त किया। उधर, खनिज विभाग प्रशासन का कहना है कि शहर के आसपास वर्तमान में कोई लीज नहीं है, पहले जो थी वह बंद है। तो फिर यह खंडा (पत्थर) लेकर दौड़ रहे ट्रेक्टर-ट्रॉली कैसे आ रही हैं। यह जिम्मेदार विभाग और सिस्टम पर सवाल खड़ा कर रहा है।

गौरतलब रहे कि जिले में अवैध बजरी खनन और परिवहन और राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य को पहुंच रहे नुकसान को लेकर गत एक मई को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफ एंड सीसी) के अधीन केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) के सदस्य चंद्र प्रकाश गोयल धौलपुर का दौरा किया था। उक्त मामले में रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश होनी है। इस टीम के जायजा लेने के बाद भी अवैध खनिज सामग्री पर पर रोक को लेकर किए जा रहे दावे फिर खोखले नजर आ रहे हैं। हालांकि, बजरी निकासी पर काफी हद तक शहरी सीमा में रोक लगी है।

धौलपुर के आसपास मुख्य स्थान, जहां से निकल खंडा

धौलपुर शहर के आसपास कुछ किलोमीटर के दायरे में कई स्थान है, जहां से बिना रोक-टोक खनिज सामग्री निकल रही है। इसमें पुरानी छावनी, चांदपुर, केसरबाग का कुछ इलाका, विश्नोंदा और हवाई पट्टी के आसपास के कुछ क्षेत्र हैं। जिसमें चांदपुर में पहले खनिज विभाग की पहले लीज थी जो वर्तमान में बंद पड़ी है। वहीं, जिले में वर्तमान में 78 अधिकृत तौर पर लीज हैं। इसमें एक लीज राजाखेड़ा के मरैना क्षेत्र में है। जबकि अधिक लीज सरमथुरा व बसेड़ी उपखंड क्षेत्र में हैं। जहां पर इन दिनों विवाद बना हुआ है।

रवन्ना है या नहीं कोई जांचने वाला नहीं...

शहर में अधिकतर खंडा (पत्थर) लेकर आने वाली ट्रेक्टर-ट्रॉलियां बाड़ी रोड और हाउसिंग बोर्ड की तरफ से शहरी क्षेत्र में आती हैं। यह ट्रेक्टर-ट्रॉलियां जगदीश तिराहे से तेज रफ्तार में जिला कलक्टे्रट के सामने से होकर निकलती हैं और फिर गुलाब बाग चौराहे से जिस जगह माल पहुंचाना हो, उस दिशा में निकल जाती है। अममून यह ट्रेक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में होती हैं और चालक एक्सीलेटर से पैर कम ही हटाता है। लेकिन यह खनिज सामग्री वैध है अवैध कोई जांचने वाला है।

- खनिज सामग्री लेकर जा रहे वाहन चालकों को नियमित रूप से जांच की जाती है। वर्तमान में शहर के आसपास कोई लीज नहीं है। चांदपुर लीज पहले से ही बंद है। कोई अवैध रुप से खनिज सामग्री ले जा रहा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

- पुष्पेन्द्र मीणा, खनि अभियंता धौलपुर

- यातायात नियमों का उल्लंघन कर रही कुछ ट्रेक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। साथ ही अनियंत्रित गति से दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एक ट्रेक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया, जिस पर वह भाग निकला था।

- बलविंदर सिंह, टीआई धौलपुर शहर

Updated on:
12 May 2026 07:09 pm
Published on:
12 May 2026 06:56 pm
Also Read
View All