धौलपुर

Rajasthan : धौलपुर में अजीबो-गरीब मामला, काले कौए की वजह से फैला दी अपनी हत्या की खबर, जानें पूरा मामला

Rajasthan : धौलपुर के कंचनपुर थाना क्षेत्र में एक काले कौए की वजह से हड़कंप मच गया। एक युवती ने बड़ी बहन को फोन कर मां की हत्या की खबर दी। जिसके बाद पुलिस पूरे वक्त परेशान रही। जाने इस मामले को।
2 min read
Dholpur Strange incident a black crow a woman spread his murder news know whole story
धौलपुर। फोटो - AI

Rajasthan : धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अजीबो-गरीब मामले ने पुलिस की खासी मशक्कत करा दी। एक युवती ने बड़ी बहन को फोन कर मां की हत्या की खबर दी। जिस पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच की तो जिसकी हत्या की बात कही थी, वह महिला सुरक्षित मिली। बाद में पूरा मामला अफवाह का निकला। एसएचओ ने बताया कि पुलिस को गलत सूचना देने के लिए मामले में युवती शिवानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

पिता ने मां की हत्या कर दी….

थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि गांव पवेसुरा निवासी रजनी चौहान पत्नी सोनू ठाकुर शनिवार सुबह अपनी सास के साथ थाने पहुंची और रोते हुए रिपोर्ट दी। रजनी ने बताया कि उसका मायका गांव अब्दलपुर में है। सुबह करीब 5.30 बजे उसकी छोटी बहन शिवानी का फोन आया था। शिवानी ने घबराए हुए अंदाज में कहा कि उनके पिता राजेन्द्र सिंह चौहान ने मां आशा देवी की हत्या कर दी है तथा घर के सभी लोगों को कहीं गायब कर दिया है।

शिवानी ने यह भी कहा कि वह छिपकर फोन कर रही है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल भी बंद आने मिले। रजनी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पूर्व में भी उसकी सौतेली मां की हत्या कर चुके है और मां आशा देवी को लंबे समय से जान से मारने की धमकी देते रहे हैं। उसने आशंका जताई कहीं कुछ अनहोनी न हो जाए।

महिला आशा देवी घर में सुरक्षित मिली...

सूचना पर पुलिस टीम को गांव अब्दलपुर भेजा गया। मौके पर पहुंचे एएसआई सोनवीर सिंह ने जब स्थिति की जांच की तो मामला पूरी तरह अलग निकला। पुलिस ने बताया कि जिस महिला आशा देवी की हत्या की सूचना दी गई थी, वह घर में सुरक्षित मिली।

अंधविश्वास के चलते फैलाई कथित मौत की खबर

पूछताछ में आशा देवी ने बताया कि उनके सिर पर सुबह एक काला कौआ बैठ गया था। परिवार ने इसे अपशकुन और मृत्यु का संकेत मान लिया। अंधविश्वास के चलते कथित मौत की खबर रिश्तेदारों को देकर अनिष्ट टालने की कोशिश की गई थी।एसएचओ ने बताया कि पुलिस को गलत सूचना देने के लिए मामले में युवती शिवानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

Updated on:
17 May 2026 11:30 am
Published on:
17 May 2026 11:29 am