धौलपुर के सैपऊ में एक रूह कंपा देने वाले पारिवारिक घटनाक्रम का दुखद अंत हुआ। दो दिन पहले अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति दिनेश कुशवाह ने शनिवार को पार्वती नदी के बीहड़ों में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
राजस्थान के धौलपुर जिले में रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी दास्तां सामने आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। सैपऊ थाना क्षेत्र के भूरापुरा गांव में दो दिन पहले अपनी पत्नी मथुरा देवी की बेरहमी से हत्या करने वाला आरोपी पति दिनेश कुशवाह (35) अब इस दुनिया में नहीं रहा। फरारी काट रहे दिनेश का शव शनिवार सुबह पार्वती नदी के किनारे बीहड़ों में एक पेड़ से लटका मिला। इस सनसनीखेज मामले ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि तीन मासूम बच्चों के सिर से माता और पिता दोनों का हाथ हमेशा के लिए उठा दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे जब एक स्थानीय किसान सैपऊ रिंग रोड के पास अपने खेत की ओर जा रहा था, तब उसने खपरैल के पास एक पेड़ से साफी के फंदे पर झूलता हुआ शव देखा। किसान की सूचना पर सैपऊ सीओ अनूप सिंह, प्रशिक्षु आरपीएस राहुल मीणा और सीआई प्रमेन्द्र रावत भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँचे।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन जब पुलिस ने भूरापुरा गांव के परिजनों को मौके पर बुलाया, तो मृतक की पहचान दिनेश कुशवाह के रूप में हुई। पुलिस पिछले 48 घंटों से दिनेश की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। दिनेश अपनी पत्नी की हत्या के बाद से ही फरार चल रहा था और पुलिस को अंदेशा था कि वह जिले से बाहर भाग सकता है, लेकिन उसने खुदकुशी का रास्ता चुन लिया।
इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू वे तीन मासूम बच्चे हैं, जो अब पूरी तरह अनाथ हो चुके हैं।
एक बेटी और दो बेटे: मृतक दंपति के पीछे उनकी एक बेटी और दो छोटे पुत्र हैं।
सूना हुआ घर: दो दिन के भीतर घर से दो अर्थियां निकलने की खबर ने बच्चों को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव के लोग और रिश्तेदार अब इन बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं।
प्रशिक्षु आरपीएस राहुल मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। संभवतः पत्नी की हत्या करने के बाद दिनेश पछतावे में था या पुलिस की बढ़ती दबिश के कारण पकड़े जाने के डर से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस की निगरानी में ही आरोपी का अंतिम संस्कार किया गया।
भूरापुरा गांव में दो दिन पहले हुई मथुरा देवी की हत्या ने पहले ही इलाके को स्तब्ध कर दिया था। अब आरोपी पति का शव मिलने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीण इसे गृह क्लेश और मानसिक तनाव का चरम बता रहे हैं।
पुलिस अब इस मामले की कड़ियों को जोड़ रही है कि फरारी के दौरान दिनेश कहाँ छिपा था और उसे फंदा लगाने के लिए उकसाने वाली परिस्थितियां क्या रहीं।