
धौलपुर. विशिष्ट न्यायालय डकैती प्रभावित क्षेत्र ने साढ़े 10 साल पुराने जानलेवा फायरिंग के एक प्रकरण में तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 50 हजार रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र धौलपुर का है जहां अलाप ताप रहे एक व्यक्ति को जानलेवा फायरिंग के दौरान गोली लगी थी।
विशिष्ट लोक अभियोजक सतीश शर्मा ने बताया कि 20 नवंबर 2014 को हीरा सिंह पुत्र रामविलास ने कोतवाली थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया कि ईदगाह कॉलोनी में अलाप ताप रहे थे। इतने में ही डोयलेन का पुरा उर्फ र जई कला थाना बसई डांग निवासी सुरेश और रामरस पुत्रगण करना, राम अख्तयार पुत्र कप्तान गुर्जर बाइकों पर सवार होकर मेला ग्राउंड की तरफ से आए और आते ही उन्होंने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अलाप ताप रहे कल्ला पुत्र मनोहर के गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
मामले को लेकर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज हुआ। जिसमें पुलिस ने कार्रवाई अनुसंधान करते हुए कोर्ट में चालान पेश किया। इसी प्रकरण में विशिष्ट न्यायालय डकैती प्रभावित क्षेत्र धौलपुर के विशिष्ट न्यायाधीश राकेश गोयल ने प्रकरण में सुनवाई करते हुए तीनों आरोपियों सुरेश, रामरस और राम अख्तयार गुर्जर को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उन्हें 50 हजार रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, हत्या का आरोप
- गांव तगावली की घटना
धौलपुर. कोतवाली थाना अंतर्गत गांव तगावली में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका दुर्गावती पुत्री पूरन सिंह निवासी सीगपुरा थाना पोरसा जिला मुरैना मध्यप्रदेश की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व मुकेश पुत्र रामचरण निवासी तगावली के साथ हुई थी।आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और अतिरिक्त एक लाख रुपए तथा मोटरसाइकिल की मांग करता रहा। इस मांग को लेकर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाता था। आरोप है कि मृतका के देवर ने छोटी बहन से शादी करने का दबाव भी बनाया जा रहा था, जिसे लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था। मृतका ने चार माह पूर्व एक बच्चे को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि 15 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष के कई सदस्यों ने मिलकर दुर्गावती के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में गले में फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। आरोप है कि उन्हें घर में घुसने नहीं दिया गया और मृतका का शव तक नहीं देखने दिया गया। मृतका के परिजनों ने महिला थाना में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
17 Apr 2026 06:51 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
