धौलपुर

गोलियों के धमाकों से गूंजी चंबल की डांग, पुलिस और अपराधियों की मुठभेड़ में चली 70 राउण्ड गोलियां

पुलिस ने शुक्रवार दोपहर तक अपराधियों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन कोई भी सफलता हाथ नहीं लगी है।
2 min read
• •
Updated: 12 Jan 2018, 7:56 PM IST
dholpur chambal Dang
dholpur chambal Dang

बाड़ी। जिले के डांग क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच लुकाछिपी का खेेल अभी थमा नहीं है। यहां गुरुवार देर रात को बसई डांग के जंगलों में पुलिस और अपराधी एक बार फिर आमने सामने हो गए। दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। इस वारदात के बाद पुलिस ने शुक्रवार दोपहर तक अपराधियों की धरपकड़ के लिए सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन कोई भी सफलता हाथ नहीं लगी है।

पुलिस के अनुसार उपखंड के बसई डांग थाना पुलिस और एसपी की कोबरा टीम ने गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर चंबल किनारे स्थित गांव नियाती के जंगल में कार्रवाई की। जिसमें पुलिस को देखते ही करीब आधा दर्जन बदमाशों का गिरोह फायरिंग करते हुए भागने लगा। इस पर पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग कर दी। इसमें दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं, लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में लापता हो गए।

बदमाशों से हुई इस फायरिंग की सूचना डांग बसई थाना अधिकारी कमलेश मीणा ने धौलपुर जिला पुलिस अधीक्षक को दी, जिसके बाद कंचनपुर, सैंपऊ, धौलपुर सदर और कोतवाली थाना पुलिस के साथ बाड़ी सीओ रामचंद्र चौधरी मय जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों का तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसमें पुलिस ने जंगल की रातभर छानबीन करते हुए दोपहर तक सर्च अभियान चलाया। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा । इसके बाद पुलिस ने घटना को लेकर डांग बसई थाने में मामला दर्ज कराया है।

मामला डांग बसई थाना अधिकारी कमलेश मीणा ने दर्ज कराया। इसमें बताया गया है कि मुखबिर सूचना मिली कि बदमाश रामविलास गुर्जर और उसके गिरोह में शामिल यदुवीर, भारत सहित आधा दर्जन बदमाशों मय हथियारों के चंबल पार कर राजस्थान पहुंच रहे हैं।

सूचना पर पुलिस ने धौलपुर से कोबरा टीम बुलाई और मुखबिर के बताए गए नियाती गांव के पास जंगल में पैदल पहुंच बदमाशों को ललकारा, लेकिन बदमाश पुलिस को देखते ही भागने लगे और उन्होंने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी । इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की लेकिन बदमाश भागते हुए। जंगल में लुप्त हो गए। इसके बाद तुरंत धौलपुर से पुलिस इमदाद ली गई, जिसमें चार थानों की पुलिस के साथ बाड़ी वृताधिकारी रामचंद्र चौधरी भी मय जाब्ते की मौके पर पहुंचे।

तीन टीमें बनाकर तलाश, लेकिन नहीं लगा कोई सुराग
थाना अधिकारी कमलेश मीणा ने बताया कि पुलिस ने बसई डांग, नगर और बरपुरा तीन पंचायतों में स्थित न्याती के जंगल में कार्यवाही के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर बदमाशों के लिए सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन पूरी रात्रि और शुक्रवार दोपहर तक जंगल का चप्पा-चप्पा छानने के बाद भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। संभवत: बदमाश रात के अंधेरे में ही चंबल पार कर पड़ोसी राज्य में चले गए होंगे। पुलिस की ओर से बदमाशों की तलाशी के लिए कार्रवाई जारी है।

वांटेड बदमाश है आरोपी
गुरुवार रात्रि को बसईडांग थाना पुलिस के साथ जिन बदमाशों की मुठभेड़ हुई है और जिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की है उनमें भारत, यदुवीर और रामविलास गुर्जर, कंचनपुर थाना क्षेत्र के अतिराजपुरा निवासी हैं।यह पुलिस के वांछित अपराधी हैं और इन पर जिला पुलिस अधीक्षक ने इनाम भी घोषित कर रखा है। आरोपी अधिकतर समय एमपी सीमा में रहते हैं। और कभी-कभी वारदात करने के लिए या हथियारों के संदर्भ में राजस्थान सीमा में आते हैं।

Published on: