धौलपुर

Dholpur: लोकतंत्र के महापर्व में उमड़ा उत्साह, शतायु मतदाताओं ने निभाई भागीदारी

राजाखेड़ा क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के के लिए मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। दिन चढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार भी बढ़ती गई। लोकतंत्र के इस महापर्व में महिलाओं से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं तक में खासा उत्साह देखने को मिला।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 10:50 AM IST
Dholpur news
राजाखेड़ा. मतदान केन्द्र पर मतदाताओं की कतार।

Dholpur. राजाखेड़ा. जिले ओर पंचायत समिति की सरकार चुनने के लिए राजाखेड़ा क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के के लिए मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। दिन चढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार भी बढ़ती गई। लोकतंत्र के इस महापर्व में महिलाओं से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं तक में खासा उत्साह देखने को मिला।

कई मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं बड़ी उम्र के बुजुर्ग मतदाता भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग उत्साह से करते नजर आए।क्षेत्र में जिला परिषद के कुल 5 वार्डों तथा पंचायत समिति राजाखेड़ा के 25 वार्डों के लिए मतदान कराया गया। जिला परिषद के 5 वार्डों में 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जबकि पंचायत समिति के 25 वार्डों में 69 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रहा। चुनाव में कुल 1,03,422 मतदाता पंजीकृत थे।

समय के साथ बढ़ता गया मतदान का प्रतिशत

मतदान के शुरुआती घंटों में मतदाताओं की न्यून भागीदारी के बाद दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ती गई। निर्वाचन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 14.23 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 37.29 प्रतिशत तथा दोपहर 3 बजे तक 53.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 3 बजे तक आधे से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। वहीँ मतदान खत्म होने के बाद 67.53 % फीसदी मतदान की सूचना मिली है अंतिम आंकड़े विभाग द्वारा बाद में जांरी किये जायेंगे।

महिलाओं की लंबी कतारें

राजाखेड़ा क्षेत्र के अधिकांश मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कई बूथों पर महिलाएं घूंघट के साथ लंबी कतारों में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। सुबह से ही महिला मतदाताओं का मतदान केंद्रों पर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। खास बात यह रही कि लोकतंत्र के इस पर्व में बुजुर्ग मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। करीब 100 वर्ष की उम्र के कई मतदाता भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह का विषय रहा।

100 बूथ अतिसंवेदनशील, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

चुनाव को लेकर क्षेत्र में कुल 137 मतदान बूथ बनाए गए थे। इनमें 100 बूथ अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए थे, जबकि संवेदनशील बूथों की संख्या शून्य रही। पुलिस व्यवस्था की सजगता से कंही से भी किसी अप्रिय हालात की सूचना नही मिली। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक एवं निर्वाचन अधिकारियों के साथ पुलिस बल तैनात रहा।सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए सीओ मनोहरलाल मीणा, थानाधिकारी वीर सिंह गुर्जर, हरिनारायण मीणा, छवि फौजदार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय रहे। अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।

प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर,परिणाम का इंतजार…

जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव में राजनीतिक दलों के साथ छेत्रिय दिग्गज निर्दलीय प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांगा था। मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना एवं चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। चुनाव परिणाम से राजाखेड़ा क्षेत्र की आगामी ग्रामीण राजनीति की तस्वीर स्पष्ट होगी।

समझाइश के बाद सबलापुरा और सोमली में शुरू हुआ मतदान

पंचायती राज चुनाव से पहले सबलापुरा एवं सोमली गांव के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी थी। इसकी सूचना मिलने पर निर्वाचन विभाग की टीम ने गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से समझाइश की। अधिकारियों के साथ हुई वार्ता और समझाइश के बाद ग्रामीण मतदान के लिए राजी हुए। इसके बाद दोनों गांवों में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई।

Updated on:
15 Nov 2026, 10:50 AM IST
Published on: