
बसेड़ी चिकित्सालय में आग, अफरा तफरी का माहौल
बसेड़ी. राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मंगलवार दोपहर को चिकित्सालय के बिजली घर में आग लगने से हडक़म्प मच गया। इलाज कराने आए मरीज आउटडोर से तो भर्ती मरीज बोतल लेकर भाग निकले। इस दौरान चिकित्सक भी अस्पताल से बाहर आ गए। आग के पीछे शॉर्ट सर्किट कारण बताया जा रहा है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन धुंआ के कारण मरीजों का हाल बुरा हो रहा है। बताया जा रहा है कि बिजली घर में चिकित्सालय का कबाड़ भरा हुआ था। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी से कबाड़ में आग लग गई। आग की लपटे देखते ही मरीजों में भगदड़ मच गई। पूरा चिकित्सालय खाली हो गया। चिकित्सालय परिसर में अफरा तफरी का माहौल था। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन धुआं के कारण कोई भी अंदर नहीं जा पा रहा है। जानकारी के अनुसार महिलाओं के शिविर के कारण भरतपुर से भी टीम आई हुई है।