
धौलपुर. शहर में कई कॉलोनियों में हो रहा जलभराव लोगों के लिए मुसीबत के साथ अब जानलेवा साबित हो रहा है। बुधवार सुबह शहर के निहालगंज थाना अंतर्गत ओडेला ताल स्थित अंकुर डेयरी के पास मां के पीछे पीछे गई 3 वर्षीय शुभकांति पुत्री अखिलेश की गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी करीब आधे घंटे बाद हुई। अचानक हुई घटना से क्षेत्र में मातम छा गया। पीडि़त परिवार जिले के बसेड़ी उपखंड के गांव रतनपुर का रहने वाला था, जो यहां डेयरी पर मजदूरी का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार सुबह किसी कार्य से मां घर से बाहर गई थी, मां को देख पीछे से 3 वर्षीय शुभकांति भी चली गई, लेकिन मां को इसकी जानकारी नहीं थी। रास्ते में एक गड्ढे में हो रहे जलभराव में बालिका जा गिरी और डूब गई। कुछ देर बाद उसका शव तैरता हुआ दिखा तो जानकारी हुई। जिस पर उसे निकला लेकिन तब तक मासूम बालिका दम तोड़ चुकी थी। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और जानकारी ली। घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मां भैंस को सामने की तरफ बांधने के लिए कई थी।
सडक़ पर हो रहा था जलभराव
घटना स्थल पर सडक़ पर भारी जलभराव था। बालिका जिस जगह डूबी थी, वहां पर करीब ३ से ४ फीट पानी बारिश का जमा था। आशंका है कि पीछे जाते समय बालिका का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरी और फिर खड़ी नहीं हो पाई। वहीं, मां को इसकी भनक तक नहीं लग गई थी। इस दौरान आसपास भी कोई नहीं था, बाद में तब पानी में कुछ तैरता नजर आया तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पीडि़त पिता अखिलेश के एक बेटी थी और एक छोटा बेटा है।
रोड पर पानी इतना की बाइक का पहिया डूबा...
जिस जगह बालिका के डूबने से मृत्यु हुई, उस सडक़ पर पानी जलभराव है। यहां बारिश का पानी मुख्य सडक़ के रास्ते में भरा हुआ है। यहां से गुजरने वाले लोगों के घुटने घुटने तक पानी है। वहीं, बाइक का पहिया पानी में नजर ही नहीं आता है। छोटा बच्चा निकला तो वह शायद ही संभल पाए। हाल में हुई बारिश के बाद यहां सडक़ पर पानी भरा हुआ है। साथ ही गड्ढे होने से लोग गिर जाते हैं। आसपास खाली भूखंड भी हैं, जिनमें भी पानी भरा हुआ है। पुलिस को सूचना मिली तो पहले उसके समझ नहीं आया कि किस तरफ से जाना है। पुलिसकर्मी प्लांट की चारदीवारी को फांदते हुए घर पर पहुंचे और जानकारी ली।