धौलपुर

टॉफी लेने निकली बालिका गुम, तलाश में पूरी रात दौड़ती रही पुलिस

अपने मामा की शादी में धौलपुर आई एक पांच वर्ष की बालिका के शनिवार दोपहर को गायब होने पर परिजनों में हडक़म्प मच गया। परिजन पहले तो अपने स्तर पर ही तलाश करते रहे, लेकिन जब कहीं सुराग नहीं लगा तो कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
2 min read
Mar 10, 2019
dholpur news dholpur
टॉफी लेने निकली बालिका गुम, तलाश में पूरी रात दौड़ती रही पुलिस

टॉफी लेने निकली बालिका गुम, तलाश में पूरी रात दौड़ती रही पुलिस
सुबह मिली
पुलिस ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
मामा की शादी में आई थी धौलपुर
धौलपुर. अपने मामा की शादी में धौलपुर आई एक पांच वर्ष की बालिका के शनिवार दोपहर को गायब होने पर परिजनों में हडक़म्प मच गया। परिजन पहले तो अपने स्तर पर ही तलाश करते रहे, लेकिन जब कहीं सुराग नहीं लगा तो कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरे जिले की पुलिस बालिका की तलाश में जुट गई। हालांकि बालिका रविवार सुबह करीब नौ बजे सकुशल मिल गई, तब जाकर पुलिस व परिजनों ने चैन की सांस ली। बाद में पुलिस ने जिला चिकित्सालय में बालिका का स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जहां उसके पूर्णतया: स्वस्थ होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी एनके मीणा ने बताया कि चितौरा गांव निवासी बालिका अपने परिजनों के साथ वाटर वक्र्स चौराहा स्थित अपने मामा की शादी में आई थी। शादी शुक्रवार को थी। थकने के कारण उसके पिता सोए हुए थे। इस दौरान वह दोपहर साढ़े तीन बजे दो रुपए लेकर टॉफी लेने के लिए सडक़ पर आ गई, लेकिन वापस जाने के लिए रास्ता भटक गई। शाम करीब छह बजे परिजनों को बालिका घर पर नहीं मिलने पर हडक़म्प मच गया। परिजनों ने तुरंत तलाश करना शुरू किया, लेकिन रात नौ बजे तक सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। साथ ही जिले भर की पुलिस को वायरलैस सेट पर सूचना की। इस दौरान कोतवाल ने अभय कमाण्ड सेंटर पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें करीब चार बजे जुबली हॉल के पास बालिका दिखी, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। क्षेत्र में कई रेड लाइट एरिया होने के कारण पुलिस की सांसे ऊपर-नीचे होती रहीं। पुलिस के करीब दो दर्जन जवानों के अलावा 15-20 परिजन भी उसकी तलाश करते रहे। लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। सुबह अभय कमाण्ड सेंटर के इंजीनियर अरविंद शर्मा ने फेसबुक पेज पर बालिका के गुम होने की जानकारी मिली। जिसमें कमला महाविद्यालय के मालिक ने फोटो अपलोड कर बालिका के गुम होने की जानकारी शेयर की हुई थी। इसमें बताया गया था कि रात करीब 9 बजे उसके चौकीदार की पत्नी को बालिका रोती हुई मिली, जिस पर उसने बालिका को अपने पास रख लिया और सुबह अपने मालिक को सूचना दी। इस पर उन्होंंने जानकारी को फेसबुक पर शेयर की। इस पर पुलिस ने उसे तुरंत दस्तयाब कर लिया। इसके बाद बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Updated on:
10 Mar 2019 01:27 pm
Published on:
10 Mar 2019 01:27 pm