धौलपुर

Dholpur: डायरी में लिखा हम जिएंगे मरेंगे साथ, इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर ने पत्नी के साथ की खुदकुशी

शहर में गुरुद्वारा रोड स्थित बहुमंजिला इमारत के तीसरे फ्लोर पर एक फ्लैट में किराये पर रह रही दंपती ने सोमवार दोपहर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक बलराम मीना (40) पुत्र राम गोपाल यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर था घटना की जानकारी उनके दोस्त को फेसबुक स्टेट्स देखने पर हुई।
2 min read
Dholpur news
मृतक दंपत्ति का फाइल फोटो

धौलपुर. शहर में गुरुद्वारा रोड स्थित बहुमंजिला इमारत के तीसरे फ्लोर पर एक फ्लैट में किराये पर रह रही दंपती ने सोमवार दोपहर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों ने अलग-अलग कमरे में सुसाइड किया। मृतक बलराम मीना (40) पुत्र राम गोपाल यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी में ब्रांच मैनेजर था और एक सप्ताह से ऑफिस नहीं गए थे।

घटना की जानकारी उनके दोस्त को फेसबुक स्टेट्स देखने पर हुई। मृतक बलराम ने आज तीन दफा स्टेट्स बदला था, शक होने पर दोस्त पुष्पेन्द्र मीना फ्लैट पर पहुंचे तो दोनों फंदे से झूलते मिले। जिस पर पुलिस को सूचना दी। घटना के समय दोनों एक छोटा बच्चा स्कूल गया था। साथ में बड़े भाई का बच्चा भी रहता था, वह भी स्कूल में था। अचानक हुई घटना की खबर सुन कार्यालय के कार्मिक भी पहुंच गए और सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। एएसपी वैभव शर्मा और सीओ ने घटना स्थल पहुंच जानकारी ली। उधर, निहालगंज थाना पुलिस शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। मृतक बलराम मीना करौली जिले के नादौती थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी थे। यहां फ्लैट में पत्नी सरोज मीना और एक खुद का एक बड़े भाई का बच्चा साथ रहता था।

मैं अच्छा बेटा नहीं बन पाया...

फ्लैट की जांच में पुलिस को मृतक के पास में एक बुकलेट (डायरीनुमा) मिली, जिसमें करीब 10 से 12 पेजों पर अलग-अलग बातें रखी थी। एक जगह लिखा था कि हम जिएंगे मरेंगे साथ...। अभिभावकों को लिखते हुए एक पेज पर कहा कि पापा मैं अच्छा बेटा नहीं बन पाया...। सोशल मीडिया पर अंतिम स्टेट्स 12.58 मिनट पर बदला था, आशंका है कि इसके कुछ मिनट बाद ही दोनों ने खुदकुशी कर ली।

दंपती दो-तीन दिन कर रही थी प्रयास

सीओ प्रदीप ने बताया कि एक बुकलेट मिली है जिसमें अलग-अलग लोगो ंको एड्रेस करते हुए लिखा है। इसमें एक पेज पर लिखा है कि आज बच्चे सो रहे हैं। अंदेशा है कि दंपती दो-तीन से प्रयास कर रही थी। सोमवार को स्कूल खुलने पर स्वयं और भाई का बच्चा आज स्कूल चले गए। पीछे तो दोनों ने सोशल मीडिया पर स्टेट्स बदले और फिर सुसाइड कर ली। सबसे पहले फ्लैट पर दोस्त पुष्पेन्द्र पहुंचे तो मुख्य गेट खुला था लेकिन पीछे सटा कर सिलेंडर लगा रखा था।

ऑफिस में चल रही थी ऑडिट...

मैनेजर बलराम 21 सितम्बर को लंच के बाद घर आ गए और फिर ऑफिस नहीं गए। उसी दिन जयपुर से ऑडिट टीम भी आई थी, जिन्होंने तीन से चार दिन कार्यालय में जांच की लेकिन इसके बाद भी वह कार्यालय नहीं गए। कार्मिकों ने बताया कि 21 सितम्बर को सुबह आए थे लेकिन फिर नहीं आए। जिस पर ऑडिट टीम ने अनुपस्थिति लगा दी थी। सूत्रों के अनुसार एक क्लैम में अनियमितता होने की आशंका जताई है। हालांकि, थाना प्रभारी देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि पुलिस प्रत्येक एंगल से जांच कर रही है। ऑडिट टीम और कार्यालय सहकर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी।

Updated on:
28 Sept 2026 07:20 pm
Published on:
28 Sept 2026 07:20 pm