पुलिस ने किया घटनास्थल का मौका निरीक्षण पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप dholpur, बाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र की कहार गली में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका का शव उसी के कमरे में पंखे के फंदे पर लटका मिला है। घटना की सूचना […]
पुलिस ने किया घटनास्थल का मौका निरीक्षण
पीहर पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
dholpur, बाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र की कहार गली में एक 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका का शव उसी के कमरे में पंखे के फंदे पर लटका मिला है। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और सीओ महेंद्र कुमार ने घटनास्थल का मौका निरीक्षण किया है। मृतका के शव को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया है। जहां पीहर पक्ष की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है।
करौली के वजीरपुर गेट निवासी महिला गीता पत्नी घनश्याम कश्यप ने बताया उनकी बेटी पूजा की शादी बाड़ी के कहार गली निवासी दिनेश कश्यप के साथ हुई थी। दिनेश के पिता भगवान दास, सास जलदेई और ससुराल के अन्य लोग शादी के बाद से ही आए दिन उनकी बेटी को मोटरसाइकिल लाने और सोने की चेन की मांग करते थे। कई बार उन्होंने ससुराल लाकर उनसे समझाइश भी की।इस दौरान जैसे-तैसे समय बीतता गया। पूजा के दो लडक़े हैं जिनमें बड़े लडक़े की आयु 05 वर्ष और छोटे की 03 वर्ष है। उसका पति दिनेश रोहतक हरियाणा में काम करता है। सास, ससुर के साथ ससुराल के अन्य लोग पूजा को मारपीट करने के साथ यातना भी देते थे। सोमवार की शाम 5 बजे के करीब पूजा ने फोन किया और बताया कि ससुराल वाले उससे मारपीट रहे हैं। मम्मी तुम मुझे लेने आ जाओ। उसने कहा कि यहां कुछ लोग आए हुए हैं मैं कल आ जाऊंगी। उसके बाद बेटी से बात नहीं हुई। जब उन्होंने वापस फोन लगाया तो ससुराल वालों ने फोन नहीं उठाया। बाद में सात बजे के करीब सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है।
घटना को लेकर गीता पत्नी घनश्याम कश्यप ने मृतका पूजा के ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। एएसआइ हरवीर शर्मा ने अस्पताल पहुंच पीहर पक्ष और पति की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया।
मृतका के जेठ दीना ने बताया की एक दो साल से पूजा अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। छोटा भाई उसे घर बुला रहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। मेरे छोटे भाई और पूजा के पति ने कहा था कि अगर मेरे साथ नहीं रहना था तो तलाक ले लो, ऐसे में पूजा ने पहले भी मरने की धमकी दी थी।