
dholpur, सरमथुरा. धौलपुर-करौली टाइगर अभ्यारण्य के विरोध में धरना प्रदर्शन के 32वें दिन शनिवार को आंदोलन के दौरान तथा-कथित कुछ युवकों की भीड़ ने हिंसक प्रदर्शन करते हुए पथराव कर दशहत फैला दी। उक्त भीड़ शहर की तरफ घुस गई और पुलिस पर पथराव के साथ हाइवे संख्या 11बी स्थित रेस्टोरेंट, बाजार में दुकानों और मकानों में भी तोडफ़ोड़ की गई। प्रदर्शन के बीच उक्त घटना से हालात तनावपूर्ण हो गए। करौली रोड बाइपास पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें पुलिस की कुछ गाडिय़ां के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पथराव में सीओ सरमथुरा, मनियां व सैंपऊ की गाडिय़ों समेत सरमथुरा थाने की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है।
शहर में हालात बिगड़ता देख पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मोर्चा संभाला और उत्पात मचा रहे करीब एक दर्जन युवकों को डिटेन किया है। शाम को कस्बा समेत आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। घटना में कुछ नाबालिग भी शामिल रहे।बताया जा रहा है कि कुछ तथा कथित युवकों के झुंड ने बाइपास, करौली रोड, अग्रवाल कॉलोनी, बाड़ी बस स्टैंड की ओर आ गए और जमकर हंगामा किया और रेस्टोरेंट व दुकानों में तोडफ़ोड़ कर दी। साथ ही यहां लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इन ग्रुप के हौसले इस कदर बुलंद थे कि हाइवे व बाइपास पर रेस्टोरेंट व दुकानों में लूटपाट कर तोडफ़ोड़ की। छतों से जो लोग रेकॉर्ड कर रहे थे, उन पर भी इन्होंने पत्थर फेंके। शहर में पत्थरबाजी व तोडफ़ोड़ की घटना पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पत्थरबाजों को खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आमना-सामना भी हुआ लेकिन प्रदर्शनकारी भाग निकले। हालांकि, बाद में पुलिस ने शाम तक करीब एक दर्जन लोगों को डिटने किया है। वहीं, तोडफ़ोड़ और पथराव की घटना को लेकर एसपी विकास सांगवान ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त बल तैनात इलाके में तैनात किया है। सरमथुरा, मनियां, सैपऊ सीओ सहित पांचों सर्किल थाना पुलिस के अधिकारी सहित पुलिस जाप्ता व डीएसटी मौजूद हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि बसंतपुरा मोड पर धौलपुर करौली टाइगर अभ्यारण्य के विरोध में एक माह से विरोध प्रदर्शन चल रहा है। आन्दोलनकारियों ने पहले तो निकाय चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की गई थी लेकिन पुलिस, प्रशासन ने आन्दोलनकारियों की योजना को विफल कर दिया। जिस पर यहां प्रत्याशियों ने पर्चे और वोटिंग हुई।
सुबह से बाजार बंद, हाइवे जाम का प्रयास
शनिवार सुबह से कथित लोगों की दहशत में शहर में बाजार पूरी तरह बंद था। कथित भीड़ ने दोपहर में हाइवे भी जाम करने की कोशिश की गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की हाइवे जाम करने की योजना विफल कर दी। जिस पर इन्होंने पथराव शुरू कार दिया।भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया और बाइपास, करौली रोड, कैलादेवी तिराहा, अग्रवाल कॉलोनी, बाड़ी बस स्टैंड पर घरों में पथराव कर नुकसान पहुंचाया।
रेस्टोरेंट में की लूट, पहुंचाना नुकसान
उत्पातियों ने हाइवे व बाइपास पर रेस्टोरेंट व घरों में लूटपाट कर तोडफ़ोड़ की। शहर में सुरक्षा की दृष्टि से सडक़ किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। यहां बाइपास पर उम्मेदसिंह के मकान में ताले तोडक़र घुस गए तथा तोड़पुोड़ की। वही अग्रवाल कॉलोनी में घरों में पथराव भी किया गया, जिससे लोग भयभीत है।
- कुछ युवकों की भीड़ ने अचानक शहर और बाजार में घुस कर पथराव किया। जिस पर पुलिस बल ने कार्रवाई कर इन्हें बाहर खदेड़ा है। करीब एक दर्जन को हिरासत में लिया है। यह आंदोलनकारी नहीं है।
- विकास सांगवान, जिला पुलिस अधीक्षक धौलपुर