धौलपुर

मलिंगा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, कोरोना पॉजिटिव होने के कारण फिलहाल नहीं जाएंगे जेल

विद्युतकर्मियों से मारपीट के मामले में गिरफ्तार बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को गुरुवार को धौलपुर में न्यायालय विशिष्ट न्यायाधीश अनु.जाति/अनु. जनजाति अत्याचार निवारण प्रकरण में पेश किया गया।

2 min read
May 12, 2022
girraj_singh_malinga.jpg

धौलपुर. विद्युतकर्मियों से मारपीट के मामले में गिरफ्तार बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा को गुरुवार को धौलपुर में न्यायालय विशिष्ट न्यायाधीश अनु.जाति/अनु. जनजाति अत्याचार निवारण प्रकरण में पेश किया गया। जहां न्यायाधीश ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया। इससे पूर्व गुरुवार सुबह मलिंगा का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। शाम को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल उन्हें जिला अस्पताल परिसर में पुराना जनाना अस्पताल में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। बता दें, 28 मार्च को बाड़ी स्थित विद्युत निगम कार्यालय में घुस कर एईएन व जेईएन से मारपीट की गई थी। इस मामले में एईएन हर्षादिपति वाल्मीकि ने मलिंगा समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस मामले में पांच आरोपितों को सीआईडी सीबी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार को मलिंगा ने जयपुर कमिश्नरेट में समर्पण किया था।

बुधवार को किया था समर्पण
नाटकीय घटनाक्रम के तहत बुधवार को मलिंगा ने जयपुर में पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था। मलिंगा सुबह सीएमआर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिले थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें समर्पण करने को कहा। इस पर पुलिस कमिश्नर आनन्द श्रीवास्तव को बुलाया गया। कमिश्नर ने पुलिस टीम बुलाकर विधायक को कमिश्नरेट भेज दिया। यहां विधायक का समर्पण दिखाया गया।

लाया गया धौलपुर
समर्पण के बाद पुलिस टीम विधायक को लेकर धौलपुर पहुंची। बुधवाार शाम करीब सात बजे पुलिस उन्हें लेकर धौलपुर सदर थाने पहुंची। यहां करीब दो घंटे तक सीआईडी सीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश जेफ ने विधायक से पूछताछ की। इसके बाद रात करीब नौ बजे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार की रात विधायक ने सदर थाने में ही बिताई।

गुरुवार को ले गए बाड़ी
गुरुवार सुबह न्यायालय में पेश करने से पहले सीआईडी सीबी टीम उन्हें बाड़ी विद्युत निगम कार्यालय ले गई। जहां घटनास्थल की तस्दीक कराई गई। इसके बाद विधायक को जिला चिकित्सालय में मेडिकल के लिए लाया गया। फिर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

नहीं हुआ विश्वासघात: मलिंगा
अदालत परिसर में पत्रकारों से बातचीत में विधायक मलिंगा ने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है। उन्होंने किसी भी तरह के विश्वासघात से इनकार किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें ज्यादा बातचीत नहीं करने दी।

शाम करीब साढ़े छह बजे लाए वार्ड में
विधायक को शाम करीब साढ़े छह बजे पुराना जनाना अस्पताल स्थित क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया गया। सदर थाना प्रभारी दीपक कुमार विधायक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालांकि, विधायक को लाने के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी ने मास्क नहीं लगा रखा था। विधायक ने भी सिर्फ साफी गले में लटका रखी थी।

Published on:
12 May 2022 08:12 pm