धौलपुर

Dholpur: मानसून सिर पर…चैम्बर मार रहे उफान, कॉलोनियों में जलभराव

धौलपुर. मानसून सिर पर होने के बाद भी चौक सीवरों की कोई सुध नहीं ली जा रही। ना ही नगर परिषद और ना ही संवेदक सीवरों की सफाई में कोई रुचि नहीं दिखा रहे। हालात यह हैं कि दो दर्जन से ज्यादा कालोनियों में गर्मियों के दिनों में भी सीवर उफान मार रहे हैं और थोड़ी सी बारिश में भलभराव की स्थित खड़ी हो रही है।

3 min read
Dholpur news
Dholpur news

धौलपुर. मानसून सिर पर होने के बाद भी चौक सीवरों की कोई सुध नहीं ली जा रही। ना ही नगर परिषद और ना ही संवेदक सीवरों की सफाई में कोई रुचि नहीं दिखा रहे। हालात यह हैं कि दो दर्जन से ज्यादा कालोनियों में गर्मियों के दिनों में भी सीवर उफान मार रहे हैं और थोड़ी सी बारिश में भलभराव की स्थित खड़ी हो रही है। अब ऐसी स्थिति मानसून के दिनों में एक बार फिर शहर में जलभराव की स्थिति निर्मित होना लाजिमी लग रहा है।

नगर परिषद प्रशासन ने मानसून के दौरान पिछले दो सालों से शहर में हो रहे जलभराव से सीख नहीं ली है, ली होती तो अभी तक शहर के चौक सीवरों की सफाई हो चुकी होती। सबसे बड़ी बात यह है कि सीवर सफाई का ठेका लेने वाला संवेदक भी सीवरों की सफाई में काई रुचि नहीं दिखा रहा, जबकि सीवरों की सफाई का ठेका एक साल पहले यानी जून में ही हो चुका है। यह ठेका 2 करोड़ 20 लाख रुपए में हुआ है, जिसमें संवेदक को शहर की 171 किमी सीवर लाइन की सफाई तीन साल तक करने के साथ सीवर लाइन का मेंटेनेंस भी करना है, लेकिन यहां मेंटेनेंस तो छोड़ो सीवरों की सफाई तक नहीं की जा रही है। यही कारण है कि शहर की करीब दो दर्जन कॉलोनियों में मानसून पूर्व भी सीवरेज के चेंबरों से ओवर फ्लो गंदा पानी भरा हुआ है। जिसे लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन एवं नगर परिषद की ओर से इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उधर, इस मामले में संवेदक से बात करनी चाही तो उनका मोबाइल पहले व्यस्त और फिर स्विच ऑफ आया।

तीन सुपर सकर मशीन, दो खराब

देखा जाए तो शहर में फैली सफाई अव्यवस्थाओं के पीछे नगर परिषद की उदासीनता भारी पड़ रही है। क्योंकि सीवरों की सफाई में उपयोग होने वाली सुपर सकर मशीन (दोनो छोटी) कई दिनों से खराब हालत में पड़ी हैं, लेकिन अभी तक परिषद ने इन्हें दुरुस्त कराना तक मुनासिब नहीं समझा, जबकि मानसून अपने आगमन पर है। जानकारी के अनुसार केवल दो गाडिय़ों जिसमें एक ठेकेदार और दूसरी परिषद कर्मी के हवाले हैं जिनसे चैम्बरों की सफाई की जा रही है, लेकिन यह गाडिय़ां भी शहर में कहीं भी चैम्बरों की सफाई करती नहीं दिखती।

इन कालोनियों में मार रहे चैम्बर उफान

राठौर कालोनी, मान सरोवर कालोनी, नर्सरी, मोहन कालोनी, आनंद नगर, राठौर कालोनी, सुंदर कॉलोनी गली नंबर एक व दो, लीला विहार कॉलोनी, पुष्पांतजलि विहार, हुंडावाल नगर, मंगल विहार, नर्सरी रोड, रीको आवासीय, अयोध्याकुंज, ज्ञान सरोवर कालोनी, जगदम्बा कालोनी, आदर्श नगर, सीताराम कालोनी, राधाकृष्ण कालोनी, पुराना पटपरा रोड, सहित करीब एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में समस्या बनी हुई है। ऐसे नहीं है कि इन कालोनियों में रहने वालों ने शिकायत नहीं। राठौर कालोनी के मनोज सिंह, प्रशांत शर्मा, नर्सरी क्षेत्र के रामहरि मीणा और मोहन शर्मा ने बताया कि चौक सीवरों की सफाई को लेकर कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

80 हजार लोगों की जिंदगी फंसी पानी के भंवर में

धौलपुर शहर की जलनिकासी के खस्ताहाल होने के कारण पिछले कुछ सालों से हालात बदतर बने हुए हैं, जबकि दो सालों से तो मानसून के दौरान शहर तालाब की शक्ल अख्तियार कर ले रहा है और हजारों जिंदगियां पानी की भंवर में फंसकर रह जाती हैं। हालांकि नगर परिषद ने समस्या को दूर करने कदम जरूर उठाए हैं, लेकिन यह कदम नाकाफी ही दिखाई देते हैं। गौरतलब रहे कि गत वर्ष शहर में तीन दर्जन से अधिक कॉलोनी करीब 80 हजार लोग सीवरेज के गंदे पानी और जलभराव की समस्या से दो-चार होना पड़ा था। इन कॉलोनियों में करीब 7 हजार मकान होंगे, जो सीधे तौर पर प्रभावित हुए।

एक साल पहले हुआ टेंडर...पर सफाई कहीं नहीं

जून माह में शहर में बिछी 171 किमी लंबी सीवर लाइन के मेंटेनेंस का कार्य टेण्डर प्रक्रिया के माध्यम से ठेकेदार को सौंप दिया। टेण्डर 2 करोड़ 20 लाख रुपए में किया गया है, जिसमें संवेदक 3 साल तक इन चेम्बरों की साफ-सफाई और मेंटेनेंस कार्य करेगा, लेकिन 16 जून को वर्क ओर्डर जारी होने के बाद भी चौक सीवरों की साफ-सफाई में जमकर कोताही बरती जा रही है। यही कारण है कि अभी भी शहर की दो दर्जन कालोनियों में सीवर उफान मार रहे हैं और लोगों की जिंदगी को नरक बनाए हुए हैं।

सीवरों की सफाई की जा रही है, बारिश के दौरान पानी वापस भर जाता होगा। दो सकर मशीन खराब हैं, जबकि एक बड़ी मशीन ठीक है जिससे सफाई की जा रही है। संवदेक अगर ठीक से काम नहीं कर रहा तो उसको जल्द से जल्द सफाई करने को पाबंद किया जाएगा।

-गुमान सिंह, अधिशासी अभियंता नगर परिषद धौलपुर

Published on:
03 Jun 2026 07:45 pm