धौलपुर

Dholpur: कांग्रेस के बाड़े में बहुमत से अधिक सदस्य, चेहरे पर चल रहा मंथन

जिला परिषद चुनाव में कुल 29 वार्ड सीटों में से 21 पर कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के पास वर्तमान में 21 से अधिक यानी कुल करीब 23 से 24 सदस्य हैं। कांग्रेस पर बहुमत से अधिक सदस्य हैं, केवल चेहरे पर मोहर लगना शेष है। जिसको लेकर मशक्कत हो रही है।
3 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 6:43 PM IST
Dholpur news
जिला परिषद कार्यालय

धौलपुर/राजाखेड़ा. पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव परिणामों ने जिले में सत्ताधारी दल को चारों खाने चित्त कर दिया है। जिले की छह पंचायत समितियों में से एक में भी उसे बहुमत नहीं मिला है। हालांकि, वह एक पंचायत समिति में संघर्षपूर्ण स्थिति बनाने के लिए प्रयासरत है लेकिन इसके लिए भी वह जयपुर पर निर्भर है। स्थानीय भाजपा के दिग्गजों की रणनीति विपक्षी कांग्रेस के इस दफा ‘फुलप्रूफ’ प्लान को भेद नहीं पाए। वहीं, जिला प्रमुख का पद भी इस दफा राजाखेड़ा क्षेत्र के खाते में जाने की संभावना है।

कांग्रेस को जिला परिषद के चुनाव में कुल 29 वार्ड सीटों में से 21 पर उसके सदस्य विजयी रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के पास वर्तमान में 21 से अधिक यानी कुल करीब 23 से 24 सदस्य हैं। ऐसे में केवल सत्ताधारी दल भाजपा के पास जोड़-तोड़ करने के लिए भी फिलहाल गुंजाइश नहीं नजर आ रही है। हालांकि, राजनीति भी क्रिकेट मैच की तरह है जब तक अंतिम ओवर गेंदबाज नहीं डाल दे, तब तक कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि, शुक्रवार को आए परिणाम के बाद भी भाजपा के दिग्गज और रणनीतिकार किसी भी सूरत में खाता खोलने के लिए पुरजोर पसीना बहा रहे हैं। उधर, ढाई दशक से जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा कर अपनी धाक जमा चुके राजाखेड़ा को एक बार फिर इस पद पर सुशोभित होने का मौका मिलता दिख रहा है। और कांग्रेस को जिले में छप्परफाड़ मिले जनमत के बाद यह राह ओर भी सुगम होती दिख रही है। ऐसे में राजाखेड़ा के वार्ड 17 से जीत हासिल कर चुकी युवा अनीशा व एक अन्य विजयी सदस्य पद की दौड़ में आगे चल रहे हैं। निकाय चुनाव के तुरंत बाद बदली तस्वीर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार कर दिया है। राजाखेड़ा विधायक और पीसीसी कोषाध्यक्ष और बसेड़ी विधायक एवं जिलाध्यक्ष संजय कुमार समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का मंथन जारी है। कांग्रेस पर बहुमत से अधिक सदस्य हैं, केवल चेहरे पर मोहर लगना शेष है। जिसको लेकर मशक्कत हो रही है। हालांकि, जिला प्रमुखी पद का फैसला हाइकमान की बजाय जिला स्तर होना तय माना जा रहा है।

ये संभाल चुके हैं जिला प्रमुखी

जिला प्रमुख का पद कुछ सालों से राजाखेड़ा क्षेत्र के लिए एक तरह से रिजर्व हो गया है। वर्तमान नतीजों के बाद अब इस फिर से राजाखेड़ा विधानसभा का ही दबदबा रहने की उम्मीद है। पिछले ढाई दशक से जिला प्रमुख की कुर्सी राजाखेड़ा ने सुशोभित की है। यहां से वार्ड संख्या 14 इसके लिए विख्यात रही है जिसने लगातार रामवती देवी, पं.किशन चंद शर्मा, डॉ.धर्मपाल सिंह जादौन, दो बार भगवान देवी इस पद को संभाल चुकी है। इस बार वार्ड 17 से अनीशा सिंह इस पद की दौड़ में आगे चल रही हैं। हालांकि, एक-दो और नाम भी चर्चा में हैं लेकिन अंतिम फैसला पार्टी के वरिष्ठ नेता संयुक्त रूप से मंथन कर लेंगे। इसमें दूसरा नाम सेवानिवृत एसआई पे्रम भास्कर की पत्नी भी शामिल हैं। हालांकि, यह सीट धौलपुर विधानसभा क्षेत्र में है। इसलिए इसको लेकर मंथन जारी है। इस बार भी कांग्रेस ने जिला परिषद में भारी बहुमत प्राप्त किया है।

पत्रिका अवार्ड विनर है ‘अनीशा’

विजयी प्रत्याशी अनीशा नाहिला ग्राम पंचायत की निवर्तमान सरपंच है। क्षेत्र में बेहतर कार्य के चलते राज्य स्तर पर हुए कार्यक्रम अल्ट्राटेक राजस्थान पत्रिका अवार्ड से पुरस्कृत हो चुकी हैं। जिले में इसे प्राप्त करने वाली वह एकमात्र सरपंच रही। मास्टर ऑफ कॉमर्स कर चुकी अनीशा की बड़ी बहन डॉ.प्रियंका राजाखेड़ा पंचायत समिति प्रधान रह चुकी हैं और दादा फूलसिंह कई कार्यकाल सरपंच रह चुके है। पिता राजेन्द्र भी पंचायत समिति से रिटायर्ड है।

धौलपुर प्रधान पद पर दो के बीच संघष...

उधर, धौलपुर पंचायत समिति में कांग्रेस को बहुमत मिला है। यहां पर प्रधान पद की कुर्सी तक पहुंचने के लिए दो से तीन उम्मीदवार दौड़ में हैं। धौलपुर विधानसभा से वर्तमान में कांग्रेस विधायक शोभारानी कुशवाहा हैं लेकिन उनके पति एवं पूर्व विधायक बीएल कुशवाहा के तीखे बयान और किए प्रचार के बाद से चुनावी माहौल गर्मागया था लेकिन नतीजों ने बाजी करीब-करीब उलट दी है। सूत्रों के अनुसार धौलपुर में प्रधानी पद के प्रत्याशी का चयन कांग्रेस पार्टी के दिग्गजों के निर्णय पर ही है। यहां पर फिलहाल दोनों खैमा अंक गणित बैठा रहे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी के निर्णय पर ही फैसला होगा। धौलपुर में प्रधानी पद के लिए भाजपा की ओर से एक शख्स में भी खूब जोरमाइश की थी लेकिन नतीजों ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

जिला परिषद धौलपुर के नतीजे

कुल वार्ड 29

भाजपा 05

कांग्रेस 21

बसपा 03

निर्दलीय 00

Updated on:
22 Nov 2026, 6:43 PM IST
Published on: