
धौलपुर. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11बी पर गांव खानपुर गुर्जर के पास सोमवार को एक गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार 29 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर दीपक शर्मा की मौत हो गई जबकि बहनोई घायल हो गया। हादसे के दौरान गोवंश की चपेट में आने से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पेट में सींग घुसने से आंतरिक अंग को गंभीर चोट पहुंची। अचानक हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक युवक परिवार में इकलौता पुत्र था। पत्नी के साथ करीब डेढ़ साल की मासूम बेटी है। युवक दिल्ली में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार राजाखेड़ा क्षेत्र के हनुमानपुरा निवासी दीपक शर्मा पुत्र ऋषि शर्मा बाइक से बाड़ी स्थित अपनी बुआ के घर जा रहे था। इसी दौरान खानपुर गुर्जर गांव के पास तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ पर एक गोवंश से टकरा गई, जिससे दीपक और सवार एक अन्य घायल हो गए। जिसमें दीपक के पेट में सींग घुसने वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए घायल दीपक को जिला अस्पताल धौलपुर पहुंचाया, गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रैफर कर दिया, लेकिन आगरा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। देर रात युवक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़...
इकलौते पुत्र दीपक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलने पर त्योहार की खुशियां गम में बदल गईं। वह अपने पीछे पत्नी और डेढ़ साल की मासूम पुत्री को छोड़ गया। घटना की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। इस हादसे से हनुमानपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दीपक दिल्ली अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत था।
निराश्रित गोवंशों पर नहीं काबू, बढ़ रहे हादसे
ताजा घटना में भी निराश्रित गोवंश से बाइक सवार युवक दीपक हादसे के बाद टकरा गया। बताया जा रहा है कि गोवंश का सींग पेट में घुसने से शरीर में चोट पहुंची। एक अन्य के भी फे्रक्चर हुआ है। जिले में एनएच 11बी पर कई स्थानों पर निराश्रित गोवंश खुलेआम घूमते हैं। बाड़ी से आगे सरमथुरा मार्ग की तरफ भी यह हाइवे पर ही ढेरा जमा कर रखते हैं। इसी तरह शहर में 220केवी स्टेशन से आगे हाउसिंग बोर्ड चौराहे से पहले जगह-जगह यह हाइवे की सडक़ पर ही रहते हैं। इससे पूर्व में हादसों में दुपहिया वाहन सवार जान गवा चुके हैं। इसी तरह एनएच 44 की सर्विस लेन पर भी इनका जमघट रहता है। एनएचएआई की ओर से हाइवे पर घूम रहे निराश्रित गोवंश हटाने और पकड़वाने पर ध्यान नहीं देने से यह दिन के साथ रात में भी यहां घूमते हैं, जिससे हादसों की आशंका रहती है।