धौलपुर

Dholpur: आरक्षित टिकट लेने वाले यात्रियों को भी मिलेगी वैकल्पिक यात्रा बीमा की सुविधा

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार अब रेलवे के यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों से आरक्षित टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक यात्रा बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह व्यवस्था मंगलवार27 अक्टूबर से देशभर में लागू हुई है।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 7:07 PM IST
dholpur news
रेलवे टिकट काउंटर से टिकट लेते यात्री

धौलपुर. रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार अब रेलवे के यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों से आरक्षित टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक यात्रा बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह व्यवस्था मंगलवार 27 अक्टूबर से देशभर में लागू हुई है। इससे अब तक केवल ऑनलाइन ई-टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को उपलब्ध इस सुविधा का लाभ आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्री भी उठा सकेंगे।

गौरतलब रहे कि सर्वोच्च न्यायालय के 6 अक्टूबर के आदेश के अनुपालन में इस योजना का विस्तार किया गया है। रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएसी) की ओर से आईआरटीसी के समन्वय से आरक्षण प्रणाली में आवश्यक तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं।

यात्रा बीमा पूरी तरह वैकल्पिक

यह बीमा सुविधा पूरी तरह ऐच्छिक होगी। यात्री अपनी इच्छा के अनुसार टिकट बुक कराते समय इसका विकल्प चुन सकेंगे। बीमा लेने के लिए यात्री को अपना मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा तथा बीमा प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। नकद भुगतान के माध्यम से बीमा प्रीमियम जमा करने की सुविधा नहीं होगी। बीमा नहीं लेने वाले यात्रियों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

मात्र 45 पैसे में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर

वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना के अंतर्गत प्रति यात्री मात्र 45 पैसे के प्रीमियम पर यात्रा के दौरान रेल दुर्घटना अथवा संबंधित अप्रिय घटना की स्थिति में बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। योजना की लागू शर्तों के अनुसार बीमा कवर में कई सुविधा रहेंगी। पीआरओ ने बताया कि इसमें मृत्यु अथवा पूर्ण स्थायी दिव्यांगता पर 10 लाख रुपए तक स्थायी आंशिक दिव्यांगतापर अधिकतम 7.5 लाख रुपए, अस्पताल में उपचार का खर्च के लिए 2 लाख रुपए तक की प्रतिपूर्ति और पार्थिव शरीर के परिवहन के लिए 10000 रुपए तक रहेगा। बीमा राशि एवं प्रतिपूर्ति का लाभ संबंधित बीमा पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार देय होगा।

आरक्षण काउंटरों पर की जाएंगी व्यवस्था

एंसभी आरक्षण काउंटरों पर आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएगी। पीआरओ ने बताया कि आरक्षण कर्मचारियों को योजना की वैकल्पिक प्रकृति, यात्री की सहमति दर्ज करने, प्रीमियम के डिजिटल भुगतान तथा आवश्यक यात्री विवरण सही तरीके से दर्ज करने के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा।बीमा का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को पॉलिसी संबंधी जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि यात्रियों को इस सुविधा का लाभ सुचारु रूप से मिल सके।इस व्यवस्था से आरक्षण काउंटरों से टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भी कम प्रीमियम पर वैकल्पिक यात्रा बीमा का लाभ मिलेगा तथा रेल यात्रा के दौरान संभावित जोखिमों के विरुद्ध अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा प्राप्त करने का विकल्प उपलब्ध होगा।

Updated on:
27 Oct 2026, 7:07 PM IST
Published on: