धौलपुर

Dholpur: भंडारे में भोजन करने के बाद 40 लोगों की तबीयत बिगड़ी

दिहौली थाना क्षेत्र के मनीराम का पुरा गांव में स्थित मंदिर पर भंडारे का आयोजन कराया गया। यहां पर खाना खाने के बाद रात में काफी लोगों की हालत बिगड़ गई। जिस पर ग्रामीण उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे
2 min read
dholpur news
अस्पताल में भर्ती महिला

Dholpur, राजाखेड़ा उपखंड के दिहौली थाना क्षेत्र के मनीराम का पुरा गांव में स्थित माखन दास बाबा मंदिर पर श्रद्धालु की ओर से भंडारे का आयोजन कराया गया। यहां पर खाना खाने के बाद करीब रात में काफी लोगों की हालत बिगड़ गई। इसमें युवा, बुजुर्ग, बच्चे और महिला शामिल थी।

एक के बाद एक व्यक्ति के बीमार होने पर गांव में हडक़ंप मच गया। जिस पर ग्रामीण उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती करवाया। रात करीब 11 बजे तक बाद कई मरीज यहां भर्ती हुए। इसमें करीब 40 लोगों की तबीयत खराब हो गई थी, जिसमें कुछ का इलाज गांव में ही हुआ। बताा जा रहा है कि सोमवार रात करीब 11 बजे एक के बाद एक कई ग्रामीणों को पेट दर्द, बुखार सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की शिकायत की, जिस पर मामला बिगड़ गया और बीमार लोगों को परिजन अस्तपाल लेकर पहुंचे।

ग्रामीणों के अनुसार माखनदास बाबा मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि भंडारे के लिए भोजन बाहर से तैयार करवा कर मंदिर पर लाया गया था। भोजन करने के बाद एक के बाद एक बच्चेे, बड़े और महिलाओं की तबीयत बिगडऩे लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। जिसके बाद सीएमएचओ डॉ.धर्म सिंह मीणा सहित चिकित्सा विभाग की टीम गांव में पहुंची। जिसने लोगों का मौके पर ही उपचार शुरू किया। वहीं कुछ लोगों को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल धौलपुर भेजा गया। जहां उनका उपचार जारी है।

देर रात जिला अस्पताल पहुंचे मरीज

तबीयत बिगडऩे पर कुछ लोगों को रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल धौलपुर लाया गया। यहां चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार शुरू किया। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में मोनिका (17) पुत्री मुकेश, नीतम शर्मा (19) पुत्री रामकुमार, शान्तलु (15) पुत्र पवन, शिखा (20) पुत्री मुकेश, संदीप (22) पुत्र रामसेवक, ललिता (38) पुत्री मुकेश एवं रामकुमार (47) पुत्र होलीराम हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भंडारे में भोजन करने से करीब 40-50 लोगों की तबीयत बिगड़ी है। वहीं सीएमएचओ डॉ.मीणा का कहना है कि मामले की सूचना मिलने के बाद रात को चिकित्सा टीम और मैं खुद मौके पर पहुंचा था। मौके पर हमें 24 लोगों की तबीयत खराब मिली। जिनमें से 6 को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि 18 लोगों का मौके पर ही उपचार किया गया। भंडारा 2 दिन पहले हुआ था, इसलिए सैंपल आदि लेने की कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

Updated on:
06 Oct 2026 06:34 pm
Published on:
06 Oct 2026 06:34 pm