
पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बे, दस घण्टे बाधित रहा रेल मार्ग
परेशान हो रहे यात्री, स्टेशन पर घण्टों खड़ी ट्रेन
धौलपुर. ग्वालियर-धौलपुर रेलवे लाइन पर गुरुवार रात रारऊ के पास मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण रेल मार्ग पर करीब दस घण्टे तक रेल संचालन बंद रहा। दो टे्रनों को डायवर्ट किया गया। वहीं एक दर्जन से अधिक ट्रेनें देरी से स्टेशन पर पहुंची तो पैसेंजर टे्रन को रद्द करना पड़ा। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने टिकट निरस्त करवाए तो कई घण्टों तक स्टेशन पर ही तपते रहे। करीब साढ़े नौ बजे डाऊन लाइन पर एक-दो ट्रेनों को निकाला गया, लेकिन अप लाइन पर दोपहर 12 बजे ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
इस दौरान रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए हेल्प लाइन नम्बर भी जारी किया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार गुरुवार देर रात करीब दो बजे ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर कर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते ग्वालियर-आगरा रेल मार्ग पर टे्रनों का संचालन बंद हो गया। करीब चार घण्टे बाद सुबह आगरा व ग्वालियर की क्यूआरटी टीम ने क्षतिग्रस्त डिब्बों को पटरी से हटाया और मलबा साफ किया। तब जाकर डाऊन लाइन पर यातायात बहाल किया गया। इस दौरान करीब एक दर्जन से अधिक सवारी गाडिय़ों का संचालन बुरी तरह लडखड़़ा गया। इस दौरान ट्रेनों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रोका गया। धौलपुर से एक ट्रेन नई दिल्ली से अमृतसर को आगे भेज दिया गया, लेकिन गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह नहीं होने पर रिवर्स में वापस धौलपुर स्टेशन पर लाया गया।
वहीं छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित दो ट्रेनों को मथुरा-सवाईमाधोपुर होते हुए डायवर्ट किया गया।
यह टे्रनें हुई प्रभावित
रेलवे सूत्रों के अनुसार उज्जैनी एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस, भोपाल, गौडवाड़ा, तेलंगाना एक्सप्रेस, शताब्दी, पंजाब मेल सहित एक दर्जन से अधिक गाडिय़ां देरी से स्टेशन पर पहुंची। वहीं आगरा-झांसी पैसेंजर टे्रन को निरस्त किया गया।
पूछताछ केन्द्र पर लगी भीड़
घण्टों तक रेलवे स्टेशन पर गर्मी में परेशान रेल यात्री पूछताछ केन्द्र पर ट्रेनों के आवागमन की जानकारी लेते रहे। इस दौरान काफी संख्या में केन्द्र पर यात्रियों की भीड़ लगी रही।
निरस्त कराए टिकट
ट्रेनों के शुरू नहीं होने तथा डायवर्ट करने के कारण कई यात्रियों ने टिकट ही निरस्त करवा लिए। सूत्रों के अनुसार नौ यात्रियों ने टिकट निरस्त करवाए। इस पर रेलवे को 18000 हजार रुपए वापस करने पड़े।
स्टालों पर बीता खान-पान का सामान
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टाल संचालकों को पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री रखने के निर्देश दिए। यात्रियों की अधिक संख्या के कारण स्टालों पर खान-पान की सामग्री ही खत्म हो गई। बाद में यात्रियों को स्टेशन के बाहर से सामग्री खरीदनी पड़ी।
गर्मी में तड़पते रहे बच्चे
तेज गर्मी के कारण रेल यात्री घण्टों तक गर्मी में परेशान होते रहे। स्टेशन पर टे्रनों का आवागमन ठप होने के कारण यात्री टे्रनों में गर्मी के कारण पसीना-पसीना हो गए। इस दौरान बच्चों की हालत बुरी हो गई। माता-पिता भी इधर-उधर ट्रेन संचालन की जानकारी दिखाई दिए।
इनका कहना है
झांसी डिवीजन में ग्वालियर के पास मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इससे ट्रेनों का संचालन बंद रहा। कुछ ट्रेनों को डायवर्ट तथा एक ट्रेन को निरस्त किया गया है। लेकिन बाद में अन्य निरस्त टे्रनों का भी संचालन किया गया, हालांकि ट्रेनों के स्टेशन पर पहुंचे पर देरी जरूर हुई।
एसके श्रीवास्तव, पीआरओ, आगरा मण्डल।