
राजाखेड़ा. पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस ने लगातार चौथी बार परचम फहराते हुए अपने प्रधान पूनम सिकरवार को विजयश्री दिला दी है। पूनम को 25 में से 19 मत मिले। हालांकि कांग्रेस के 17 सदस्य निर्वाचित हुए थे, लेकिन उन्हें दो निर्दलीयों ने भी मतदान किया। वहीं भाजपा के अशोक सिकरवार उर्फ राजा भैया को मात्र 5 मतों से ही संतोष करना पड़ा जबकि एक मत खारिज हो गया।
नतीजे आने के बाद राजाखेड़ा पंचायत समिति प्रधान पद के लिए कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया था। उसके 17 सदस्य निर्वाचित हुए जबकि 5 सदस्य भाजपा के और 3 सदस्य निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। जिसके बाद शुक्रवार को पंचायत समिति कार्यालय में प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरु हुई। जिसमें कांग्रेस की पूनम सिकरवार को विजय हासिल हुई। पूनम ने भाजपा के अशोक सिकरवार को पराजित कर प्रधान पद पर अपना कब्जा कायम कर लिया।
सुबह 10 बजे पंचायत समिति कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें उपखंड निर्वाचन अधिकारी सुशीला मीणा व तहसीलदार दीप्ति देव की मौजूदगी में कांग्रेस ने पूनम सिकरवार जो कि वार्ड 22 से विजयी प्रत्याशी रहीं। भाजपा से अशोक सिकरवार जो वार्ड 5 से विजयी प्रत्याशी रहे। इन्होंने अपने अपने नामांकन दाखिल किए। दोपहर 3 बजे से मतदान शुरू हुए जिसमें कांग्रेस की पूनम सिकरवार को 19 मत मिले व भाजपा के अशोक सिकरवार को 5 मत मिले। निर्वाचन अधिकारी सुशीला मीणा ने कांग्रेस की पूनम सिकरवार को विजयी घोषित किया। जिसके बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विजयी घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान पूनम सिकरवार ने कहा कि इस जीत का श्रेय राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा व स्थानीय जनता को जाता है। जिनके आशीर्वाद से आज यह पद मिला है, गांवों को समृद्ध व विकसित बनाना ही हमारा लक्ष्य रहेगा। सभी के सहयोग से सरकार की योजनाओं का लाभ ढाणी ढाणी मिल सके यही प्राथमिकता है।
उपखंड में सभी पदों पर महिला
महिला सशक्तिकरण का आधुनिक रूप अब राजाखेड़ा में दिखाई दे रहा है। वर्तमान में प्रधान पूनम के साथ ही एसडीएम मीणा, तहसीलदार दीप्ति देव है जबकि जिला प्रमुख अनीशा सिंह भी राजाखेड़ा की ही निर्वाचित हुई हैं। ऐसे में उपखंड़ के सभी महत्वपूर्ण पदों के साथ जिला की संवैधनिक मुखिया भी राजाखेड़ा की है।
लगातार चौथी बार महिला प्रधान
राजाखेड़ा पंचायत समिति में यह लगातार चौथा कार्यकाल है, जब महिला प्रधान चुनी गई है। पूनम सिकरवार से पहले लगातार दो बार लता कंवर उर्फ चारुलता तोमर दो कार्यकाल पूरा कर चुकी है। उनसे पहले भी डॉ.प्रियंका सिंह प्रधान रही। वे वर्तमान जिला प्रमुख अनीशा की बड़ी बहन थी।