धौलपुर. पंचायती राज चुनाव के अंतर्गत आज पंचायत समितियों के प्रधान पद का चुनाव होगा। इसके बाद शनिवार को उप प्रधान चुने जाएंगे। जिले में छह पंचायत समिति हैं, जिसमें धौलपुर, राजाखेड़ा, बसेड़ी, सरमथुरा, बाड़ी व सैंपऊ शामिल हैं। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख पद के चुनाव संपन्न होने के बाद अब पंचायतीराज चुनाव अंतिम दौर में है। चुनाव को लेकर दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने सदस्यों को क्रॉस वोटिंग से बचाने की जुगत कर रहे हैं। जिला प्रमुख पद के चुनाव में एक मत से हुई हार-जीत ने कांग्रेस खैमा को अलर्ट कर दिया है। उधर, जिला प्रमुख पद के कड़े मुकाबले में मिली हार के बाद सत्ताधारी दल अब अंतिम मुकाबले में किसी तरह का रिस्क नहीं उठाना चाहती है। हालांकि, गुरुवार को भी उप जिला प्रमुख पद निर्विरोध कांग्रेस के प्रत्याशी की जीत ने भाजपा को झटका दिया।