www.patrika.com/rajasthan-news/
धौलपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। राहुल गांधी मंगलवार को भरतपुर संभाग के दौरे पर हैं। राहुल गांधी मंगलवार को दिल्ली से हैलीकॉप्टर से सुबह 11.45 बजे धौलपुर के मनिया पहुंचे। हैलीपेड और सभास्थल पर राहुल गांधी का कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया।
राहुल ने मनिया में सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कांग्रेस की उपलब्धियां गिनाई। राहुल ने कहा कि राजस्थान में गुंडागर्दी-माफियाओं का राज चल रहा है। राहुल ने कहा कि यहां मनरेगा बंद कर दिया गया। मुफ्त में दवा दी जाती थी उसको भी बंद कर दिया। राजस्थान में कानून व्यवस्था खराब है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है। यूपी में बीजेपी का एमएलए रेप करता है। मोदी जी के मुंह से एक शब्द भी नहीं निकलता है। राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात से युवाओं को मारकर भगाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने अशोक गहलोत-सचिन पायलट के एक साथ बाइक पर दौरा करने का भी जिक्र किया। राहुल से पहले सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने सभा को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए राफेल के मुद्दे पर पीएम मोदी पर फिर से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अनिल अंबानी को कांट्रेक्ट क्यों दिया, एचएएल से क्यों छीना। खुद को देश का चौकीदार बताने वाले मोदी जी ने अनिल अंबानी की मदद है। मोदी जी ने नोटबंदी और जीएसटी लागू करके हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया। शिक्षा, स्वास्थ्य हो या रोजगार सब मुद्दे पर यही हुआ है।