धौलपुर

Dholpur: पालिकाध्यक्ष की पहली बैठक में विकास का रोडमैप तैयार

राजाखेड़ा नगरपालिका मंडल की पहली बैठक अध्यक्ष अंजली बघेल, अधिशाषी अधिकारी एवं तहसीलदार दीप्ति देव की आध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े करीब 18 से 20 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित हुए।
2 min read
Dholpur news
राजाखेड़ा. बैठक में अधिकारी, जनप्रतिनिधि व कर्मचारी।

Dholpur, राजाखेड़ा नगरपालिका अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद बुधवार को नगरपालिका मंडल की पहली बैठक अध्यक्ष अंजली बघेल, अधिशाषी अधिकारी एवं तहसीलदार दीप्ति देव की आध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उपखंड अधिकारी सुशीला मीना भी मौजूद रही। पहली बैठक में शहर के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े करीब 18 से 20 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित हुए।

लंबे समय से शहर में उठ रही मूलभूत सुविधाओं की मांगों को बैठक के एजेंडे में शामिल किए जाने से अब लोगों को विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। बैठक में शहर की मुख्य सडक़ों की आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं विकास, प्रमुख स्थानों पर रेडियमयुक्त गति अवरोधक लगाए जाने, नगरपालिका कार्यालय के जीर्ण-शीर्ण भवनों की मरम्मत तथा आवश्यक निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया गया। वहीं आकाश फिलिंग स्टेशन से भूतेश्वर पार्क तक नाले एवं सडक़ का नवीन निर्माण कराने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।

मुख्य मार्गों पर प्रवेश द्वार और लाइटिंग डिवाइडर

नगरपालिका क्षेत्र की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्य सडक़ों पर प्रवेश द्वार बनाने तथा प्रमुख मार्गों पर लाइटिंग डिवाइडर विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा नगरपालिका क्षेत्र में स्थित श्मशानों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओ के विकास कार्य कराने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।

पार्क और मंदिरों में लगेंगे कचरा पात्र

शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पार्कों एवं मंदिरों में कचरा पात्र लगवाने का निर्णय लिया गया। बैठक में शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने पर भी विचार किया गया।

पुराना सामान होगा नीलाम

नगरपालिका में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े पुराने ओर नकारा सामान की नीलामी कराने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर भी कार्रवाई की दिशा में ठोस कदम उठाने पर विचार किया गया। बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था पैदा करने वाले अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने की जरूरत पर जोर दिया गया।।

निराश्रित पशुओं की समस्या पर भी चर्चा

राजाखेड़ा शहर में सडक़ों पर घूमते निराश्रित पशुओं से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए ऐसे पशुओं, गायों और बंदरों को पकडऩे की व्यवस्था पर भी विचार किया गया। इससे यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा से जुड़ी समस्या को कम करने की उम्मीद है।

अब प्रस्तावों के जमीन पर उतरने की चुनौती

पहली बैठक में विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति जरूर बनी है लेकिन शहरवासियों की नजर अब इन प्रस्तावों के कागज से निकलकर धरातल पर उतरने पर रहेगी। सडक़, नाला, सफाई, अतिक्रमण, निराश्रित पशु और प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याएं लंबे समय से शहर की प्रमुख जरूरतों में शामिल रही हैं। ऐसे में आगामी दिनों में इन प्रस्तावों पर होने वाली कार्रवाई ही नगरपालिका की कार्यप्रणाली की वास्तविक तस्वीर सामने रखेगी। बैठक में सभी नवनिर्वाचित पार्षद व पालिका के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Updated on:
23 Sept 2026 06:59 pm
Published on:
23 Sept 2026 06:59 pm