
धौलपुर. जिला मुख्यालय पर कई विभागों में जिम्मेदार अधिकारियों के पद रिक्त होने से दूसरे अधिकारियों पर अतिरिक्त प्रभार बना हुआ है, जिससे अनावश्यक भागदौड़ के साथ कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। अब ताजा मामला मुख्यालय पर धौलपुर उपखंडाधिकारी का है।
हाल में धौलपुर एसडीएम कर्मवीर सिंह का तबादला नवीन जिले बलोतरा के सिणधरी में हुआ था जबकि भरतपुर जिले के पहाड़ी एसडीएम मुकुल दीक्षित को धौलपुर लगाया था। लेकिन आरएएस अधिकारी ने धौलपुर ज्वाइन नहीं किया और इस बीच एसडीएम धौलपुर रिलीव हो गए। अब गत 19 जून को राज्य सरकार ने 178 आरएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। जिसमें आरएएस अधिकारी दीक्षित का पूर्व का तबादला निरस्त करते हुए अब भरतपुर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त पद पर किया गया है। जिससे फिर से मुख्यालय पर धौलपुर एसडीएम का पद रिक्त हो गया। फिलहाल व्यवस्था बतौर बसेड़ी एसडीएम सुरेन्द्र प्रसाद पर अतिरिक्त प्रभार बना हुआ है। इसी तरह सैंपऊ एसडीएम बंशीधर योगी के सेवानिवृत होने के बाद यहां लगाए आरएएस अधिकारी ने भी ज्वाइन नहीं किया है। जिस पर सैंपऊ अतिरिक्त चार्ज बाड़ी एसडीएम पर बना हुआ है।
कार्यवाहक के भरोसे नगर परिषद आयुक्त सीट
उधर, मुख्यालय पर शहरी सरकार के मुखिया की सीट लम्बे समय से कार्यवाहक अधिकारियों के भरोसे ही चल रही है। नगर परिषद धौलपुर में वर्तमान में स्थाई आयुक्त नहीं है। एसडीएम धौलपुर के तबादला होने पर परिषद के आयुक्त का चार्ज अधिशासी अभियंता गुमान सिंह सैनी को सौंप दिया। हालांकि, इससे पहले एसडीएम धौलपुर कर्मवीर सिंह पर भी अतिरिक्त प्रभार था। पूर्व में नगर परिषद में हुई एसीबी कार्रवाई के बाद तत्कालीन आयुक्त अशोक शर्मा को डीएलबी ने हटा दिया था। जिसके बाद नगर परिषद की आयुक्त सीट पर स्थाई अधिकारी नहीं आ पाया है। जिसका असर निकाय संस्थान के कामकाज पर भी पड़ रहा है।
यहां पर सीटें चल रही खाली
जिले में जयपुर विद्युत वितरण निगम में पूर्व अधीक्षण अभियंता (एसई) के ट्रेप होने के बाद यह पद भी बतौर कार्यवाहक चल रहा है। वर्तमान में एसई का अधिरिक्त चार्ज अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा पर है। इसी तरह जिला खेल अधिकारी का पद भी रिक्त बना हुआ है। पूर्व में सेवानिृवत अधिकारी अशोक सिंह को एक साल के कांट्रेक्ट पर लगाया था, जो कुछ दिन पहले समाप्त हो गया, जिसके बाद से कोई नया अधिकारी नहीं आ पाया है। इसी तरह जिला आबकारी अधिकारी का भी अधिरिक्त कार्यभार सौंप रखा है। इसी तरह वन विभाग (वन्यजीव) में भी कई पद रिक्त हैं। वहीं, धौलपुर पंचायत समिति में विकास अधिकारी का पद भी बतौर कार्यवाहक है।
इधर रिलीव और उधर से भी तबादला...
हाल के तबादलों में खासा चर्चा का विषय आरएस अधिकारी कर्मवीर सिंह का रहा। धौलपुर एसडीएम पद से उनका तबादला बलोतरा जिले में हुआ। लेकिन इस सीट पर भरतपुर के पहाड़ी एसडीएम मुकुल दीक्षित के ज्वाइन नहीं करने से मामला अधर में लटक गया। बाद में डीएम ने उन्हें रिलीव कर दिया। कर्मवीर सिंह ने बलोतरा के सिणधरी में ज्वाइर किया और करीब एक सप्ताह उपरांत ही गत 19 जून की ट्रांसफर लिस्ट में जयपुर तबादला हो गया।
हाल में जारी तबादला सूची में ये फेरबदल
- आरएएस अधिकारी मुकेश कुमार मीणा सहायक निदेशक, लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वयक विभाग बीकानेर का धौलपुर में इसी पद पर लगाया है।
- आरएएस अधिकारी अमित कुमार चौधरी एसडीएम बिजौलिया भीलवाडा से उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग धौलपुर के पद पर स्थानातंरण।
- आरएएस मुकुल दीक्षित जिनका धौलपुर एसडीएम पद पर तबादला हुआ, अब उपायुक्त भरतपुर विकास प्राधिकरण के पद पर स्थानांतरण हुआ है।
- आरएएस अधिकारी कर्मवीर सिंह जिनका तबादला बलोतरा जिले के सिधणरी एसडीएम पद पर हुआ लेकिन इस सूची में स्थानांतरण उपनिदेशक राजस्व आसूचना एवं आर्थिक अपराध निदेशालय जयपुर के पद पर हुआ है।