
धौलपुर. शहर में निराश्रित जानवर और बंदरों के उत्पात से आमजन परेशान है। हाल ये है कि बंदर कब आपके सामान पर चुपचाप से झपट्टा मार कर ले जाए, पता तक नहीं चलेगा। शहर में गांधी पार्क, निहालेश्वर मंंदिर क्षेत्र, बजाज खाना, पुराना डाकखाना चौराहा, महाराना स्कूल क्षेत्र, बाग भवा साहब का वाडा, कोर्ट कैम्पस, सराय, जगन चौराहा और पुराना शहर समेत कई इलाके तो बंदरों के गढ़ बन चुके हैं। इनकी संख्या दिनों दिन बढ़ रही है और आमजन में इनकी दशहत बढ़ रही है। जिससे लोग मकानों की छतों तक पर नहीं जा पा रहे हैं।
हालांकि, नगर परिषद प्रशासन ने हाल में बंदरों को पकड़वाने के लिए ठेका दिया है। और बंदरों को पकडऩे का कार्य शुरू हो चुका है लेकिन शहर में इनकी संख्या इस कदर बढ़ चुकी है कि लग नहीं रहा कि बंदरों को पकड़ा जा रहा है। उधर, रही सही कसर निराश्रित जानवर कर रहे हैं। हाइवे से लेकर गली-मोहल्लों में इनका आंतक है। सांडों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है और आमजन का सडक़ से निकलना मुश्किल हो रहा है। निराश्रित गोवंश तो जान पर भी भारी पड़ रहे हैं। हाल में बाड़ी रोड पर हुए एक सडक़ हादसे के दौरान बाइक सवार युवक हादसे के बाद निराश्रित जानवर से जा टकराया। जिससे उसे गंभीर चोट पहुंची और बाद में उसने दम तोड़ दिया। इससे पहले बाड़ी रोड पर ही एक भीषण हादसे में एक जने की मृत्यु हो चुकी है। निराश्रित जानवरों रात्रि के समय हाइवे पर आ जाते हैं जिससे वाहनों के टकराने की आशंका रहती है।
जाल में फंसेंगे बंदर, सांडों पर जल्द कसेगी नकेल
बंदर और सांड़ों आंतक से परेशान लोगों को राहत देने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने कार्य शुरू तो कर दिया है लेकिन अभी असर नहीं दिखा है। बंदरों को शहर में पकडऩे का कार्य शुरू हो गया है लेकिन इनकी संख्या अधिक होने से यह नजर नहीं आ रहा है। हाल में ठेकदार ने करीब 35 बंदरों को पकड़ कर बाहर जंगल में छुड़वाया। उधर, निराश्रित जानवरों को पकडऩे के लिए भी नगर परिषद प्रशासन की ओर से सोमवार को निविदा जारी की जाएगी। माना जा रहा है कि इस महीने के अंत तक निराश्रित जानवरों को भी पकडऩे का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं, गत वर्ष भी परिषद ने निराश्रित जानवरों को पकड़वा कर गोशाला बिजौली में छुड़वाए थे लेकिन ठेका खत्म होने के बाद इनकी संख्या फिर से बढ़ गई।
हाइवे पर हादसे की आंशका...
निराश्रित जानवर शहर में कॉलोनी से लेकर मोहल्लों गलियों तक में खुलेआम विचरण करते नजर आ जाएंगे। वहीं, हाइवे पर भी यह खुलेआम घूमते हैं। एनएच 44 की सर्विस लेन पर यह दिनभर बैठे रहते हैं जिससे हादसे की आश्ंाका रहती है। इसी तरह एनएच 11बी (बाड़ी रोड) पर यह रात्रि के समय 220 केवी स्टेशन से लेकर हाउसिंग बोर्ड चौराहे तक बैठे दिख जाएंगे। कई दफा लोग इन जानवरों से टकरा कर चोटिल हो चुके हैं।
- बंदरों को पकडऩे के लिए ठेका हो चुका है। निराश्रित जानवर और सांडों को पकड़ कर गोशाला छुड़वाने के कार्य की निविदा सोमवार को जारी होगी। जल्द ही इन पर अंकुश लगेगा।
- विष्णु परमार, आयुक्त नगर परिषद धौलपुर