
Dholpur, सरमथुरा शहर में लिंक सडक़, ग्रामीण क्षेत्र में पुलिया व सडक़ें जैसे जरूरी कार्य वर्षों से अटके हुए हैं। सानिवि ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में ही एक साल लगा दिया है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों को वर्क ऑर्डर जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। नतीजा यह है कि मुख्य मार्गों से लेकर गांवों की सडक़ गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जो वाहन चालकों के लिए मुसीबत खड़ी कर रही है।
मानसून की दस्तक के बीच यह देरी शहरवासियों सहित ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा सकती है। बरसात शुरू होने से पहले सीसी सडक़ निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है, लेकिन सानिवि की सुस्ती के कारण काम शुरू ही नहीं हो पाया है, जबकि मानसून सक्रिय हो गया है। जिससे बारिश और गीली सडक़ों का हवाला देकर मरम्मत कार्य फिर टाले जाने की आशंका है। इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा पर पड़ेगा।
सरकार ने करीब एक साल पूर्व शहर की करौली व बाड़ी रोड की लिंक सडक़ के साथ करीब दस सडक़ों का निर्माण सहित पार्वती नदी स्थित तकैयापुरा की क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कराने की स्वीकृति दी थी। सडक़ें सेंशन होने के बाद सानिवि ने सभी सडक़ों को एक ही प्रपोजल बनाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी थी। राजकीय ठेकेदारों ने आपसी खीचतान में शिकायत चीफ इंजीनियर तक पहुंचा दी। टेंडर प्रक्रिया में शामिल फर्मों की जांच पड़ताल के बाद अब सानिवि ने अलग -अलग सडक़ों के नवीन टेंडर जारी कर प्रक्रिया पूरी की गई है। जिससे सडक़ों के निर्माण होने की उम्मीद जागी है।
बारिश में पार्वती नदी पर पुलिया का निर्माण मुश्किल
बारिश के मौसम में ग्रामीण इलाकों में डामर की सडक़ों व पार्वती नदी पर पुलिया का निर्माण मुश्किल काम है। पार्वती नदी में करौली जिले तक के पानी की आमद होती है, जिससे गांवों के कई दिनों तक रास्ते बंद रहते हैं। इसी प्रकार डामर सडक़ों का निर्माण होना भी मुश्किल काम है। पार्वती नदी पर पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार ज्ञापन देकर पुलिया के निर्माण की मांग की गई है।
पालिका ने नाली मरम्मत व पेचवर्क कराया शुरू
शहर की अधिकांश सडक़ें किसी न किसी कारण से क्षतिग्रस्त हैं। कहीं जलदाय विभाग की पाइपलाइन बिछाने के बाद सडक़ें उखड़ी पड़ी हैं। कई स्थानों पर नालियां टूटी हैं। सडक़ ऊबड़-खाबड़ होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पालिका ने सडक़ मरम्मत व नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया है।
ठेकेदारों में आपसी खींचतान में टेंडर प्रक्रिया लेट हुई है, हालांकि ठेकेदार को शहर की लिंक सडक़ों का कार्य शुरू करने के लिए निर्देशित किया गया है। फिलहाल बारिश के कारण पार्वती नदी पर पुलिया का निर्माण होना मुश्किल है।
-शिवकुमार शर्मा, सहायक अभियंता सानिवि सरमथुरा