धौलपुर

Dholpur: सावन की झड़ी ने बुझाई बांधों की प्यास, छलकने की ओर जिले के जलाशय

जिले में अभी तक औसत बारिश का आंकड़ा 74 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। तो वहीं क्षेत्र के जलाशय अभी तक जलविहीन थे वह भी छलकने की कगार पर पहुंचने वाले हैं। पार्वती बांध का 222.15 मीटर तक पहुंच गया है यानी बांध में 82 प्रतिशत तक पानी भर चुका है। तो क्षेत्र के अन्य बांधों में भी पानी की अच्छी आवक होने लगी है।
3 min read
Dholpur news
उर्मिला सागर बांध

धौलपुर. जिले में कमजोर मानसून की दस्तक के साथ श्रावण मास में मानसून पटरी पर आता दिख रहा है। यही कारण है कि जिले में अभी तक औसत बारिश का आंकड़ा 74 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। तो वहीं क्षेत्र के जलाशय अभी तक जलविहीन थे वह भी छलकने की कगार पर पहुंचने वाले हैं। पार्वती बांध का 222.15 मीटर तक पहुंच गया है यानी बांध में 82 प्रतिशत तक पानी भर चुका है। तो क्षेत्र के अन्य बांधों में भी पानी की अच्छी आवक होने लगी है।

जिले का सबसे बड़ा पार्वती बांध की भराव क्षमता 223.41 मीटर है। जिससे 5 ब्लॉकों के सैकड़ों गांवों की 24 हजार 667 हेक्टेयर फसल की सिंचाई की जाती है, मौजूदा मानसून के दौरान कम बारिश के कारण इसके न भरने से क्षेत्र के किसानों के सामने संकट मंडरा रहा था, लेकिन श्रावण मास के दौरान जिला सहित बांध के कैचमेंट एरिया में हुई बेहतर बारिश ने बांध के भरने की उम्मीद जगा दी है। सिंचाई विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को पार्वती बाध का जलस्तर 222.15 मीटर तक पहुंच चुका है यानी अब बांध केवल 1.26 मीटर ही खाली है। जिसके आगामी दिनों की बारिश में भरने के आसार विभाग जता रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर भी 98.07 मिमी पानी की आवक बांध में हुई है। इसके अलावा जिले के अन्य छोटे बड़े जलाशय भी छलकने के कगार पर पहुंच चुके हैं, हालांकि कुछ छोटे बांधों में अभी भी पानी की गुंजाइश काफी है, क्योंकि इस सीजन उनके कैचमेंट एरिया में बारिश का कम होना है।

रामसागर और उमिला सागर भी भराव की ओर

मानसूनी सीजन 15 जून के समय पार्वती बांध का गेज 216.70 मीटर था, जो भराव क्षमता 223.41 मीटर से लगभग 7 मीटर कम था। वर्तमान में जलाशय में अच्छी आवक के साथ 82 प्रतिशत पानी आ चुका है। भराव क्षमता के अनुपात बांध में 222.15 मीटर पानी भर चुका है। तो रामसागर बांध फुल होने के कगार पर पहुंच चुका है। बांध की भराव क्षमता 7.65 मीटर है। वर्तमान में बांध में 7.62 मीटर जलभराव हो चुका है और केवल .3 मीटर ही पानी भरने के साथ बांध छलकने लगेगा। उर्मिला सागर की बात करें तो इसकी भराव क्षमता 8.89 यानी 28.50 फीट है। वर्तमान में जलाशय में 7.38 मीटर यानी 24.20 फीट पानी भर चुका है। जलाशय अब केवल 29 प्रतिशत ही खाली है। देखा जाए तो जो जलाशय श्रावण मास से पहले पानी से रिक्त थे वह श्रावण मास में बेहतर बारिश के कारण छलकने के कगार पर पहुंच चुके हैं।

छोटे बांध अच्छी बारिश को तरसे

पार्वती, रामसागर और उर्मिला सागर बांधों में जहां बेहतर पानी पहुंच रहा है तो वहीं क्षेत्र के अन्य छाटे बांध अभी भी अच्छी बारिश को तरस रहे हैं। तालाबशाही बाध की भराव क्षमता 3.35 मीटर है। मानसून के दो माह बीतने के बाद भी जलाशय अभी भी 36 प्रतिशत खाली है। बांध में अभी तक केवल 2.53 मीटर पानी की ही आवक हो पाई है। इसके अलावा उमरेह बांध अभी आधा तक नहीं भर पाया है। बांध की क्षमता जहां 2.90 मीटर है वहीं इस वक्त बांध में केवल 1.19 मीटर ही पानी भरा है। इसी तरह हुसैनपुर बांध भी आधे से ज्यादा खाली है। बांध वर्तमान के समय में बांध में केवल 1.49 मीटर ही पानी है और बांध की भराव क्षमता 2.90 मीटर है यानी अभी बांध में केवल 35.40 प्रतिशत ही पानी की आवक हो पाई है।

श्रावण मास में 280 एमएम बारिश दर्ज

गत दो वर्षों से धौलपुर शहर सहित जिले भर में जलप्रलय देखने को मिला था। इस दौरान औसत बारिश का आंकड़ा 1000 के पार निकल गया। जिस कारण भारी जान और माल की हानि हुई थी। लेकिन इस बार मानूसन के शुरुआती दिनों में बेहतर बारिश के ही लाले पडऩे लगे और आषाण माह तक केवल 198 एमएम बारिश ही जिले भर में दर्ज की गई, लेकिन श्रावण मास लगने के बाद मानसून ने भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ते ही शहर से लेकर जिले को तर कर दिया और श्रावण मास के दौरान लगभग 280 एमएम बारिश जिले भर में दर्ज की गई। जो कि औसत बारिश का 73.6 प्रतिशत हिस्सा है। इस दौरान धौलपुर शहर में सर्वाधिक बारिश हुई यहां अभी तक 508 एमएम बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है तो इसके बाद सैंपऊ ब्लॉक में 486 बारिश दर्ज हुई। जिले में अभी तक सबसे कम बारिश राजाखेड़ा ब्लॉक में 424 एमएम दर्ज की गई है।

जिले में बांधों की मौजूदा स्थिति

बांध क्षमता स्थिति

पार्वती 223.41 222.15

रामसागर 7.65 7.62उ

र्मिलासागर 8.69 7.38

तालाबशाही 3.35 2.53

उमरेह 2.90 1.19

हुसैनपुर 2.90 1.49

(नोट: भराव क्षमता मीटर में)

Updated on:
30 Aug 2026 07:26 pm
Published on:
30 Aug 2026 07:26 pm